श्रावणी मेला 2026 को लेकर बिहार-झारखंड के अधिकारियों की बड़ी बैठक। देवघर में VIP दर्शन और डबल डेकर वाहनों पर लगी रोक। AI और WhatsApp से होगी 24 घंटे मॉनिटरिंग।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए बिहार और झारखंड के प्रशासनिक अमले ने कमर कस ली है। शनिवार को देवघर परिसदन के सभागार में संथाल परगना आयुक्त श्री संजय कुमार की अध्यक्षता में दोनों राज्यों की हाई-लेवल इंटर स्टेट को-ऑर्डिनेशन बैठक संपन्न हुई। बैठक में साफ किया गया कि इस बार आम श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए वीआईपी (VIP) और आउट ऑफ टर्न दर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी।साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर डबल डेकर काँवरिया वाहनों के देवघर सीमा में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

24 घंटे एक्टिव रहेंगे अधिकारी, AI और WhatsApp से होगी मॉनिटरिंग

मेले के दौरान सुल्तानगंज से देवघर और बासुकीनाथ तक पल-पल की निगरानी रखने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। संथाल परगना आयुक्त ने बताया कि इस बार सूचना तंत्र को और मजबूत करने के लिए **व्हाट्सएप ग्रुप्स के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)** का इस्तेमाल किया जाएगा। दोनों राज्यों के अधिकारी 24 \7 आपस में कनेक्टेड रहेंगे ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत एक्शन लिया जा सके।

भीड़ नियंत्रण के लिए बने होल्डिंग पॉइंट्स और टेंट सिटी

उपायुक्त (DC) देवघर श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने पीपीटी (PPT) के जरिए तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार और सोमवार को अत्यधिक भीड़ होने पर श्रद्धालुओं की कतार कुमैठा तक जा सकती है। इसके लिए जगह-जगह मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

काँवरियों के ठहरने के लिए टेंट सिटी और होल्डिंग पॉइंट्स बनाए गए हैं।

इन पॉइंट्स पर बिजली, पंखा, स्नानागार, मोबाइल चार्जिंग, मुफ्त चिकित्सा और शुद्ध पेयजल जैसी तमाम बुनियादी सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।

खोए हुए अपनों को मिलाना होगा आसान

प्रशासन ने अपील की है कि बाहर से आने वाले बच्चों और बुजुर्गों की जेब या हाथ में उनका फोन नंबर और पता जरूर रखें, ताकि बिछड़ने पर उन्हें परिजनों से तुरंत मिलाया जा सके।

इंटर-स्टेट बॉर्डर पर कड़ाई, वाहनों की छत पर सफर बैन

सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई के जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को आपसी समन्वय के साथ अतर्राज्यीय सीमाओं पर सघन गश्ती और चेकनाका लगाने के निर्देश दिए गए हैं। देवघर डीसी के आग्रह पर बिहार से आने वाले वाहनों की छतों पर काँवरियों के बैठने पर सख्त मनाही रहेगी। सीमावर्ती जिले इस नियम को कड़ाई से लागू करने में सहयोग करेंगे।

इस उच्चस्तरीय बैठक में भागलपुर व मुंगेर प्रमंडल के कमिश्नर, आईजी, डीआईजी, देवघर, दुमका, गोड्डा व बांका के उपायुक्त (DM/DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) समेत दोनों राज्यों के तमाम आला अधिकारी व्यक्तिगत और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.....…......................

Keywords - Shravani Mela 2026, Deoghar Shravani Mela News, Kanwar Yatra 2026, VIP Puja Ban Deoghar, Bihar Jharkhand Inter State Meeting, कंचन क्रांति देवघर, देवघर श्रावणी मेला, बाबाधाम समाचार