राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों का जायजा लेने देवघर DC सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने रूटलाइन, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित संचालन को लेकर देवघर जिला प्रशासन एक्शन मोड में है। रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला क्षेत्र का सघन और पैदल निरीक्षण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत जानी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाबा मंदिर परिसर के आसपास के क्षेत्रों के अलावा शिवराम झा चौक, जालसार पार्क, तिवारी चौक, बीएड कॉलेज और बरमसिया चौक तक खुद पैदल घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को चल रहे विकास और नागरिक सुविधा से जुड़े सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
कतार व्यवस्था और रूटलाइन होगी मजबूत
श्रद्धालुओं की सुगम कतार व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने विशेष हिदायत दी। उन्होंने बरमसिया चौक से सरकार भवन मोड़, बीएड कॉलेज से तिवारी चौक और शिवराम झा चौक तक की पूरी रूटलाइन की व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा। उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा:
बाबा धाम आने वाले कांवरियों को कतार में खड़े रहने के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सफाई चाक-चौबंद, खुले ट्रांसफार्मरों को ढकने का आदेश
उपायुक्त ने पूरे कांवरिया रूटलाइन में सफाई की व्यवस्था को 24 घंटे चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने बिजली विभाग को सख्त आदेश दिया कि पूरे रूटलाइन में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रहे और जितने भी खुले या संवेदनशील ट्रांसफार्मर हैं, उन्हें तुरंत सुरक्षित तरीके से कवर (ढंका) किया जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
निरीक्षण में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
..............................................................................................................................
श्रावणी मेला 2026, देवघर डीसी निरीक्षण, सौरभ कुमार भुवानिया, बाबा बैद्यनाथ धाम, Deoghar DC Inspection, Shrawani Mela Route Line, Deoghar News, कंचन क्रांति न्यूज
