श्रावणी मेले के उद्घाटन में 48 घंटे बचे हैं। इस बार AI आधारित ड्रोन, पीपल काउंटिंग मशीन और सादे लिबास में तैनात पुलिसकर्मियों से मेले की निगरानी होगी। सीएम सम्राट चौधरी करेंगे शुभारंभ।
भागलपुर । विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले के उद्घाटन में अब केवल 48 घंटे का समय शेष रह गया है और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं। काफी वर्षों के बाद इस बार मेले का उद्घाटन गुरु पूर्णिमा से एक दिन पूर्व हो रहा है, जबकि अमूमन इसकी शुरुआत सावन के पहले दिन से होती आई है।
इस बार मेले का भव्य उद्घाटन राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। उनके साथ उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र कुमार यादव, जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा, राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल और पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र समेत कई वरिष्ठ नेता एवं अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
ड्रोन और AI तकनीक से होगी क्राउड मैनेजमेंट
शुक्रवार से शुरू हो रहे श्रावणी मेला क्षेत्र की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए एआई (Artificial Intelligence) आधारित ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी। इस हाईटेक व्यवस्था से भागलपुर, बांका, मुंगेर और देवघर जिला प्रशासन आपस में डिजिटल रूप से जुड़ जाएंगे, जिससे वास्तविक समय (Real-time) की जानकारी साझा करने में आसानी होगी।
AI वीडियो सर्विलांस का सबसे बड़ा लाभ 'भीड़ के सही आकलन' में मिलेगा। अजगैवीनाथ घाट (सुल्तानगंज) से लेकर पूरे कांवरिया पथ की स्थिति को देखते हुए देवघर प्रशासन बेहतर 'क्राउड मैनेजमेंट' कर सकेगा।
कंट्रोल रूम को सेकंडों में मिलेगा अलर्ट
मेला प्रभारी अधिकारी विकास कुमार ने बताया:
ड्रोन निगरानी से सुरक्षा तंत्र को फास्ट रिस्पांस मिलेगा। कांवरिया पथ पर 'पीपल काउंटिंग मशीन' (People Counting Machine) भी लगाई गई है, जिससे श्रद्धालुओं की सटीक संख्या का पता चलेगा और भीड़ प्रबंधन में काफी सहूलियत होगी।
साधारण ड्रोन के विपरीत, AI और कंप्यूटर विजन से लैस यह ड्रोन लाइव वीडियो का तुरंत विश्लेषण करके सुरक्षा कंट्रोल रूम को सेकंडों में अलर्ट भेज देगा। इससे किसी भी अप्रिय घटना या अव्यवस्था से पहले ही जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: कांवरिया लिबास में रहेंगे जवान
हालिया छात्र आंदोलनों और खुफिया विभाग (Intelligence Bureau) से मिले इनपुट को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त किया गया है।
एक महीने तक चलने वाले इस मेले में सुरक्षा के मद्देनजर सादे कपड़ों के साथ-साथ 'कांवरिया' के लिबास में महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इस बार किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या में इजाफा किया गया है।
...................................................................................................................
श्रावणी मेला 2026, भागलपुर न्यूज, अजगैवीनाथ धाम, सम्राट चौधरी, कांवरिया पथ सुरक्षा, Shrawani Mela AI Drone, Sultanganj Deoghar Mela, Bhagalpur News
