सीतापुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पैंतेपुर स्थित कोल्ड स्टोरेज पर छापेमारी कर 66.7 कुंतल रंगा हुआ आलू सीज किया। खैराबाद के ढाबों से मिलावटी पनीर व बेसन के नमूने भी जांच के लिए लखनऊ भेजे गए।


सीतापुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महमूदाबाद क्षेत्र स्थित एक कोल्ड स्टोरेज से रासायनिक रंगों से रंगा हुआ 66.7 कुंतल (6,770 किलोग्राम) आलू सीज किया है। इसके साथ ही खैराबाद के दो प्रमुख ढाबों पर छापेमारी कर घटिया गुणवत्ता का पनीर और बेसन पकड़ा है। एकत्रित किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागीश मणि त्रिपाठी ने किया। टीम सबसे पहले पैंतेपुर रोड स्थित 'फाइन कोल्ड स्टोरेज' पहुंची। जांच के दौरान खाद्य कारोबारी मोहम्मद शफीक और कोल्ड स्टोरेज के नामांकित प्रतिनिधि जसीमुजफ्फर अजमल की मौजूदगी में तलाशी ली गई।

निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में 6,670 किलोग्राम आलू को हानिकारक रासायनिक रंगों से रंगा पाया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे स्टॉक को सीज कर दिया और जांच के लिए नमूने लखनऊ लैब भेजे।

ढाबों पर भी गिरी गाज

इसके बाद टीम ने खैराबाद स्थित 'जनता ढाबा' और 'मक्खन होटल' पर भी अचानक छापेमारी की। वहां इस्तेमाल किए जा रहे पनीर और बेसन की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली। विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर सील कर दिए हैं। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

............................................................................................

 सीतापुर न्यूज, खाद्य सुरक्षा विभाग, पैंतेपुर कोल्ड स्टोरेज, मिलावटी आलू सीज, खैराबाद जनता ढाबा, सीतापुर खाद्य सुरक्षा छापेमारी, FSDA Sitapur Raid, Colored Potato Seized Sitapur