नीट पेपर लीक मामले में तेज प्रताप यादव और छात्रों की गिरफ्तारी के खिलाफ तेजस्वी यादव ने सरकार को अल्टीमेटम दिया है। 30 जुलाई को छात्र-युवा संगठनों ने बिहार बंद और चक्का जाम का आह्वान किया है।
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।
नीट (NEET) पेपर लीक मामले में हुए छात्र आंदोलन के दौरान जेजेडी प्रमुख तेज प्रताप यादव, माले विधायक सौरभ समेत कई छात्र-युवा नेताओं की गिरफ्तारी के बाद बिहार का राजनीतिक पारा पूरी तरह गरम हो गया है। शनिवार रात पुलिस द्वारा तेज प्रताप यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजे जाने के बाद रविवार को दिल्ली से पटना पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा और तीखा हमला बोला।
इधर, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी सरकार की इस कार्रवाई को तानाशाही करार देते हुए 30 जुलाई को राज्यव्यापी विरोध दिवस और चक्का जाम का बड़ा ऐलान कर दिया है।
24 घंटे में रिहा न हुए तो होगा बड़ा आंदोलन
पटना हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार के दमनकारी रवैये पर भारी नाराजगी जताई। तेजस्वी ने सीधे तौर पर हमला बोलते हुए कहा:
बिहार के मुख्यमंत्री के चेहरे पर न वोट मिला, न काम पर... पुलिस को गुंडा बनाने का काम किया जा रहा है। प्रदर्शनकारी छात्रों पर बेवजह दमन किया गया। जब आंदोलन समाप्त करने के दौरान यह समझौता हुआ था कि छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे, तो फिर निर्दोष युवाओं, माले विधायक सौरभ और जेजेडी प्रमुख तेज प्रताप यादव को जेल क्यों भेजा गया?
तेजस्वी यादव ने चेतावनी दी कि यदि दर्ज मुकदमों को तुरंत निरस्त कर गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को 24 घंटे के भीतर रिहा नहीं किया गया, तो विपक्ष पूरे राज्य में एक व्यापक और उग्र आंदोलन शुरू करेगा।
30 जुलाई को राज्यव्यापी विरोध दिवस और पालीगंज में चक्का जाम
दूसरी ओर, पटना में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए RYA के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, शिवप्रकाश रंजन, JNUSU के पूर्व अध्यक्ष नीतीश कुमार और सबीर कुमार ने कहा कि छात्र-युवा आंदोलन के आगे सरकार का झुकना छात्रों की ऐतिहासिक जीत है, लेकिन जब तक एक-एक छात्र और नेता पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस नहीं होते, लड़ाई खत्म नहीं होगी।
नेताओं ने घोषणा की कि गिरफ्तारियों और पुलिसिया दमन के खिलाफ 30 जुलाई को पूरे राज्य में 'विरोध दिवस' मनाया जाएगा और पालीगंज सहित कई प्रमुख राजमार्गों पर चक्का जाम किया जाएगा।
RJD ने भी दी चेतावनी: बिना शर्त रिहा करे सरकार
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने भी बयान जारी कर कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपने हक की आवाज उठा रहे छात्र-युवाओं को गिरफ्तार करना और उन पर मुकदमे दर्ज करना सरकार की हताशा को दर्शाता है। सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए दमन का रास्ता चुन रही है। RJD प्रवक्ता ने मांग की है कि सभी आंदोलनकारियों को बिना शर्त तुरंत रिहा किया जाए, अन्यथा राजद सड़क पर उतरकर सरकार की ईंट से ईंट बजा देगा।
....................................................................................................
तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव गिरफ्तारी, नीट पेपर लीक बिहार, सम्राट चौधरी, AISA RYA बिहार प्रदर्शन, Tejashwi Yadav News, Bihar Student Protest NEET
