दिनारा के योगिनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने मिल्की गांव पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में न्याय नहीं मिल रहा है।


सासाराम। दिनारा के चर्चित योगिनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने शनिवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रोहतास जिले के मिल्की गांव पहुंचे। सांत्वना व्यक्त करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि इस शासन में गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है।

घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि आरोपी अजीत तिवारी आदतन अपराधी और सामंती सोच का व्यक्ति है। पीड़ित परिवार की तीन पीढ़ियां उसके यहां काम करती आ रही थीं, लेकिन जब गरीब परिवार ने अपनी बकाया मजदूरी मांगी, तो उन्हें गोली मार दी गई। आरोपी बिना पैसे दिए जबरन काम कराता था और लगातार परिवार का मानसिक व शारीरिक शोषण कर रहा था।

नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि उन्होंने मामले को लेकर रोहतास एसपी से बात की है। एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है। तेजस्वी यादव ने पुलिस प्रशासन से पीड़ित परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।

सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आते ही राज्य में सामंती शक्तियां एक बार फिर हावी और सक्रिय हो गई हैं। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम जनता को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।

पूरा मामला क्या था?

 मृतक चंदेश्वर चौधरी (उम्र लगभग 55 वर्ष), जो पड़ोसी गांव मिल्की मनिहारी के निवासी थे, योगिया गांव के दबंग/भूस्वामी अजीत तिवारी के यहां वर्षों से मजदूरी और चरवाही का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, उनकी बकाया मजदूरी (लगभग 50-60 हजार रुपये) को लेकर विवाद चल रहा था। साथ ही, उन्होंने अजीत तिवारी का काम छोड़कर किसी अन्य के यहां काम करना शुरू कर दिया था, जिससे अजीत तिवारी नाराज चल रहा था। 5 अगस्त की सुबह चंदेश्वर चौधरी मजदूरी के संबंध में योगिया गांव गए थे। आरोप है कि अजीत तिवारी ने उनके साथ मारपीट की और सड़क से खींचकर अपने परिसर में ले जाकर गोली मार दी। 

.................................................................................

तेजस्वी यादव, सासाराम न्यूज, योगिनी हत्याकांड, दिनारा न्यूज, रोहतास अपराध, बिहार न्यूज, तेजस्वी यादव सासाराम दौरा, मृतक चंदेश्वर चौधरी