जामताड़ा के करमाटांड़ अंतर्गत ठण्डारडीह में सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर बवाल। पथराव और पुलिस वाहन क्षति के बाद पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील, भारी बल तैनात।

 

कंचन क्रांति रिपोर्टर, मधुपुर (देवघर)।

सोशल मीडिया पर कथित विवादित टिप्पणी को लेकर जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र स्थित ठण्डारडीह गांव में शनिवार देर रात स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। शुक्रवार को कुरुवा हटिया में अफरोज आलम नामक युवक द्वारा टिप्पणी किए जाने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद ठण्डारडीह निवासी भूदेव मंडल पर भी पलटवार में विवादित पोस्ट करने का आरोप लगा, जिससे अक्रोशित होकर दूसरे पक्ष के लोगों ने देर रात भूदेव के घर का घेराव कर दिया और जमकर पथराव किया।

 

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ अनंत कुमार, एसडीपीओ वसीम राजा, पुलिस इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, करमाटांड़ और नारायणपुर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उग्र भीड़ और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसमें उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

 

सुरक्षा घेरे में आरोपी का परिवार

बिगड़ते हालात को देखते हुए ठण्डारडीह गांव को पूरी तरह से पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। भूदेव मंडल और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करते हुए घर के अंदर रखा गया है, जबकि पुलिस बल ने पूरे इलाके को घेरकर मोर्चा संभाल रखा है। मौके पर मौजूद एसडीओ अनंत कुमार ने कहा कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक गांव में पुलिस बल तैनात रहेगा।

 

पुलिस सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट्स और उसके बाद हुई हिंसा की गहन जांच कर रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और इलाके में शांति बनाए रखने की सख्त अपील की है।

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822