बिहार के अररिया (रानीगंज) में राजा घाट सायफन नहर में अनियंत्रित होकर बाइक गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।


रानीगंज । बिहार के अररिया जिले में रानीगंज थाना क्षेत्र के खरसायी पंचायत (वार्ड संख्या 11) स्थित राजा घाट सायफन नहर के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। अनियंत्रित होकर एक बाइक नहर में जा गिरी, जिससे उस पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


जानकारी के अनुसार, भरगामा थाना क्षेत्र के जयनगर निवासी अनिल ऋषिदेव और गुलाबचंद ऋषिदेव मंगलवार शाम अपने रिश्तेदार राजेश ऋषिदेव के घर (मौजहा) मेहमान बनकर आए थे। मंगलवार की देर रात तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से मौजहा से खरसायी जा रहे थे। रास्ते में राजा घाट सायफन पुल के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नहर में जा गिरी।


हादसा देर रात होने के कारण सुनसान इलाके में किसी की नज़र उन पर नहीं पड़ी। तीनों युवक रातभर नहर के पानी में तड़पते रहे। सुबह जब स्थानीय ग्रामीण मछली पकड़ने नहर की तरफ गए, तब उन्होंने बाइक और युवकों को पानी में पड़े देखा। ग्रामीणों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

मृतकों के नाम: अनिल ऋषिदेव (निवासी: जयनगर, भरगामा) और राजेश ऋषिदेव (पिता: मोहन ऋषिदेव, निवासी: मौजहा)।

घायल का नाम: गुलाबचंद ऋषिदेव (पिता: बंगाली ऋषिदेव, निवासी: जयनगर वार्ड-3)।


ग्रामीणों की सूचना पर रानीगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों और बाइक को बाहर निकाला। तब तक अनिल ऋषिदेव और राजेश ऋषिदेव की सांसें थम चुकी थीं।

गंभीर रूप से घायल गुलाबचंद ऋषिदेव को तुरंत रानीगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया गया है।

रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद से ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार और मातम का माहौल है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822