चतरा के बरैनी स्थित घुरणाडीह नदी में पिकनिक मनाने गए 3 किशोरों में से 2 के शव संदिग्ध हालत में मिले। तीसरे की तलाश जारी। पुलिस जांच में जुटी।


चतरा। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरैनी के कड़गु पटेर स्थित घुरणाडीह नदी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार की सुबह पिकनिक मनाने गए तीन दोस्तों में से दो के शव संदिग्ध परिस्थितियों में नदी से बरामद किए गए हैं, जबकि तीसरे किशोर की तलाश लगातार जारी है।


जानकारी के अनुसार, शहर के विभिन्न मोहल्लों के रहने वाले किशोर पिकनिक मनाने के लिए घुरणाडीह नदी के पास पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान या उसके बाद तीनों नदी में नहाने उतरे। इसी बीच हादसा हुआ और दो किशोरों के शव नदी से बरामद हुए।


मृतकों की पहचान अंश प्रकाश, निवासी: चौर मोहल्ला, चतरा और प्रिंस कुमार निवासी: ढंगरटोली मोहल्ला, चतरा के रूप में हुई है। दोनों मृतकों की उम्र 14 से 15 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। तीसरे लापता किशोर की खोजबीन के लिए नदी और आसपास के इलाकों में स्थानीय गोताखोरों की मदद से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।


शवों के संदिग्ध हालत में मिलने के कारण पुलिस सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है कि यह घटना महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। घटना के बाद से ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822