देवघर | देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत तपोवन पहाड़ के समीप एक गड्ढे से दो किशोरों के शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में मातम का माहौल है।


मिली जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर घर से निकले थे और काफी देर तक वापस नहीं लौटे। चिंतित परिजनों ने जब उनकी खोजबीन शुरू की और तपोवन पहाड़ की ओर पहुंचे, तो उन्हें गड्ढे के पानी में तैरता हुआ कपड़ा और चप्पल दिखाई दिया।

शंका होने पर जब परिजनों और स्थानीय लोगों ने गड्ढे में तलाशी ली, तो दोनों किशोरों के शव पानी के अंदर मिले।

शव बाहर निकाले जाने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।


मृतकों की पहचान

मणिलाल कुमार गुप्ता (उम्र 15 वर्ष), पिता- राजीव गुप्ता

अरविंद कुमार (उम्र 14 वर्ष), पिता- अरुण दास

दोनों मृतक कुंडा थाना क्षेत्र के कुमारडीह गांव के रहने वाले थे।


जांच जारी: घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत के मुखिया मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। मुखिया पुलिस प्रशासन के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में सहयोग कर रहे हैं। वहीं, कुंडा थाना पुलिस मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुट गई है।