हजारीबाग के उरीमारी स्थित गरसुल्ला में खेत घूमने के दौरान हादसा। 9 माह की बेटी अनाया और मां गुड़िया कश्यप की तालाब में डूबने से मौत। गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस जांच में जुटी।


हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले अंतर्गत उरीमारी थाना क्षेत्र के गरसुल्ला गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां खेत घूमने निकली 30 वर्षीय महिला और उसकी 9 महीने की मासूम बेटी की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके और गांव में मातम का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान संजय उरांव की पत्नी गुड़िया कश्यप (30 वर्ष) और उसकी 9 महीने की मासूम बेटी अनाया बैक के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शनिवार दोपहर को दोनों खेत की तरफ घूमने निकली थीं, जिसके बाद से वे घर वापस नहीं लौटीं। शनिवार दोपहर से ही परिजन और ग्रामीण दोनों की काफी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था।


रविवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए, तो उन्होंने खेत के बीचों-बीच स्थित तालाब में दोनों के शवों को उपलाते हुए देखा। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही उरीमारी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है कि महिला संतुलन बिगड़ने के कारण बेटी समेत तालाब में गिरी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।