जमुई-लखीसराय मार्ग पर मनियड्डा के पास दो बाइकों की टक्कर में झारखंड में तैनात पुलिस जवान रॉकी सिंह की मौत। दशहरा मनाने घर आए थे जवान। पढ़ें पूरी खबर विस्तार से
जमुई। बिहार के जमुई जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग का है, जहां सोमवार सुबह मनियड्डा गांव के समीप दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में झारखंड के गोड्डा में कार्यरत एक पुलिस जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक पुलिस जवान की पहचान जमुई टाउन थाना क्षेत्र के खड़गौर गांव निवासी स्वर्गीय के पुत्र 35 वर्षीय रॉकी सिंह के रूप में हुई है। वर्तमान में वे अपने परिवार के साथ टाउन थाना क्षेत्र के आनंद बिहार कॉलोनी में रह रहे थे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रॉकी सिंह झारखंड के गोड्डा जिले में पुलिस के पद पर कार्यरत थे। आगामी दशहरा पर्व को अपने परिवार के साथ मनाने के लिए वे रविवार को ही छुट्टी लेकर घर आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे रॉकी सिंह अपनी बुलेट बाइक पर सवार होकर किसी निजी काम से मनियड्डा जेल की ओर जा रहे थे। जब वे जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर मनियड्डा गांव के समीप पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रॉकी सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक बाल-बाल बच गया और मौका पाकर घटनास्थल से फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल पुलिस जवान को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका इलाज शुरू किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटें आने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस हरकत में आई। टाउन थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मनियड्डा गांव के पास दो बाइकों की टक्कर में घायल हुए पुलिस जवान की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार दूसरी बाइक के चालक की तलाश सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822