देवघर के मोहनपुर थाना अंतर्गत चौपा जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने 2 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये ठग फर्जी APK फाइल और कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करते थे। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
देवघर पुलिस अधीक्षक (SP) प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक (DSP) कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में शुक्रवार को मोहनपुर थाना क्षेत्र के चौपा जंगल में छापेमारी कर दो शातिर साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। ये अपराधी जंगल में छिपकर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे।
Flipkart से लेकर बिजली बिल तक... ऐसे करते थे ठगी
गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहनपुर (देवघर) का प्रहलाद कुमार राय (19 वर्ष) और करमाटांड (जामताड़ा) का गणेश मंडल (27 वर्ष) शामिल है। पुलिस के मुताबिक, इनके पास से 2 मोबाइल और 1 सिम कार्ड बरामद हुआ है, जिसकी शुरुआती जांच में ठगी के पुख्ता सबूत मिले हैं। ये अपराधी मुख्य रूप से तीन तरीकों से लोगों को चूना लगाते थे:
1. गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर (Amazon/Flipkart/PhonePe) का नंबर डालकर कैशबैक का झांसा देना।
2. पीएम किसान योजना, RTO चालान या बिजली बिल के नाम पर फर्जी APK File भेजकर लोगों के मोबाइल का पूरा एक्सेस ले लेना।
3. फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर 'Airtel Thanks App' के जरिए कार्ड ब्लॉक-अनब्लॉक करने के नाम पर ठगी करना।
इस सफल छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक अमर कुमार राम और मोहनपुर थाना के सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार रंजन सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
...................................................................................................................
Cyber criminals arrested in Deoghar, देवघर साइबर अपराध समाचार, जामताड़ा साइबर ठग गिरफ्तार, Deoghar Police Cyber Raid, कंचन क्रांति देवघर न्यूज़, फर्जी कस्टमर केयर ठगी
