रायबरेली के ऊंचाहार में उमस भरी गर्मी और भारी बिजली कटौती से जनता परेशान है। कांग्रेस प्रदेश सचिव अतुल सिंह ने जनसंपर्क कर बिजली, खाद और सड़क जैसी समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
विधानसभा ऊंचाहार के विभिन्न गांवों में चौपाल एवं जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने जुड़वन सिंह का पुरवा, ब्रजनगर, सुरसना, पिपरी, जलालाबाद, भरसना, कंधरपुर, सराय लखनी और कुटिया चौराहा समेत कई गांवों का भ्रमण किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए अतुल सिंह ने कहा कि ऊंचाहार की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। 24 घंटे में मात्र 5 से 6 घंटे बिजली मिल रही है, जिससे भीषण उमस और गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं बेहाल हैं। बिजली न रहने के कारण छमाही और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
किसानों और बुनियादी समस्याओं पर बोला हमला कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है। आवारा मवेशियों के कारण फसलें चौपट हो रही हैं, लेकिन सरकार या प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। गांवों की सड़कें जर्जर पड़ी हैं और बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे जनसमस्याओं को नजरअंदाज कर केवल स्वागत-सत्कार तक सीमित हैं।
अतुल सिंह ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि ऊंचाहार में मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री के दौरों के बाद भी न तो विकास कार्यों पर चर्चा हुई और न ही बिजली व्यवस्था में सुधार हुआ। देश में बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि चीनी, दूध और दालों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र और आम जनमानस के अधिकारों की रक्षा के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी निरंतर संघर्ष कर रहे हैं।
इस जनसंपर्क कार्यक्रम में कांग्रेस जिला सचिव अजय सिंह, गजेंद्र सिंह, रंजीत कुमार, संदीप मौर्य, गया शुक्ला मुन्ना, राहुल राज, अजय कुमार, कमला प्रसाद, रामस्वरूप मौर्य, मुकेश मौर्य, मोहनलाल सरोज, हिमांशु मौर्य, नीरज सिंह, संतोष सोनकर, अवधेश सिंह, विनय सविता, सुभाष यादव, सुशील सरोज, अमरजीत सिंह और शिवम पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।