रायबरेली के ऊंचाहार में मनीरामपुर की सड़क पिछले एक माह से जलभराव की शिकार है। कांग्रेस प्रदेश सचिव अतुल सिंह ने गांवों का दौरा कर विधायक पर बोला हमला और प्रशासन से समाधान की मांग की।
रविशंकर सिंह | रायबरेली।
प्रदेश सचिव एवं पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी अतुल सिंह ने विधानसभा ऊंचाहार के मनीरामपुर, बहेरवा, तिवारीपुर और नन्कू पुरवा सहित कई गांवों का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द से जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
तालाब बने अंडरपास, कंदरवा से ऊंचाहार रोड पर भरा पानी
क्षेत्रीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए अतुल सिंह ने बताया कि ऊंचाहार के लगभग सभी अंडरपास इस समय जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो चुके हैं, जिससे राहगीरों का चलना दूभर हो गया है। कंदरवा से ऊंचाहार रोड पर चारों तरफ पानी ही पानी भरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि मनीरामपुर गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पिछले एक महीने से गंभीर जलभराव से जूझ रही है। लगातार हो रही बारिश से स्थिति और विकराल हो गई है। ग्रामीणों को मजबूरी में कपड़े ऊपर उठाकर घुटने भर पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
15 वर्षों से सिर्फ मिले आश्वासन
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से इस नारकीय स्थिति का सामना कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन या जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है।
अतुल सिंह ने क्षेत्रीय विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, 15 साल तक क्षेत्रीय विधायक ने कोई काम नहीं किया, जनता को सिर्फ झूठे आश्वासन दिए गए। आज भी ऊंचाहार की जनता सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं से पूरी तरह वंचित है। मनीरामपुर गांव की स्थिति बेहद दयनीय है।
अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा मुद्दा
कांग्रेस नेता ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस समस्या को प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता से उठाया जाएगा। संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जल्द से जल्द सड़क निर्माण और जलभराव से स्थायी निजात दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, सोनू सिंह, रमेश सिंह, राकेश यादव, कप्तान सिंह, विमलेंद्र बाजपेयी, गोलू अग्रहरि, अजय मौर्य, लालजी गौतम, रवि सिंह, अमित सिंह, मनोज यादव, पप्पू मिश्रा, पप्पू मंसूरी, मो. कासिम, संतोष सरोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.......................................................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822