यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त 2026 से शुरू होगा। योगी कैबिनेट ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट और कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाएंगे।

कंचन क्रांति ब्यूरो, लखनऊ।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने विधानमंडल के आगामी सत्र को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में वर्ष 2026 के तृतीय सत्र (मानसून सत्र) को 3 अगस्त 2026 (सोमवार) से बुलाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई। इस सत्र के दौरान राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट (Supplementary Budget) पेश करेगी। इसके अलावा कई अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयक और अन्य महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी संपन्न होंगे।

लोक भवन में वित्त मंत्री ने दी जानकारी

कैबिनेट निर्णय की जानकारी देते हुए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने लोक भवन स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि संवैधानिक प्रावधानों के तहत उत्तर प्रदेश विधानसभा और विधान परिषद, दोनों सदनों का सत्र 3 अगस्त से शुरू हो रहा है।

संसदीय नियमों का हवाला देते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि नियमानुसार सत्र शुरू होने से कम से कम 7 दिन पूर्व सभी विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों को इसकी औपचारिक सूचना भेज दी जाती है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सभी सदस्यों को इसकी जानकारी भेजी जा रही है।

संवैधानिक बाध्यता और अनुपूरक बजट पर ध्यान

गौरतलब है कि राज्य विधानमंडल का पिछला सत्र 30 अप्रैल को हुआ था, जिसके बाद 7 मई 2026 को सत्रावसान की अधिसूचना जारी की गई थी। संविधान के अनुच्छेद-174 और विधानसभा की कार्य-संचालन नियमावली के अनुसार दो सत्रों के बीच 6 महीने से अधिक का अंतर नहीं हो सकता। इसी संवैधानिक व्यवस्था को बनाए रखते हुए 3 अगस्त से सत्र आहुत करने का निर्णय लिया गया है।

सत्र के दौरान होंगे ये प्रमुख कार्य:

अनुपूरक बजट 2026-27 - राज्य के विकास कार्यों और नई योजनाओं के लिए वित्तीय आवंटन की मांगें सदन के पटल पर रखी जाएंगी।

अध्यादेशों की जगह विधेयक - पिछले सत्र के बाद शासन द्वारा जनहित में जारी किए गए विभिन्न अध्यादेशों को स्थायी कानून बनाने के लिए विधेयक पारित कराए जाएंगे।

विधायी एवं शासकीय कार्य: प्रदेश के नीतिगत फैसलों से जुड़े कई अन्य अहम प्रस्तावों पर चर्चा और उन्हें मंजूरी दी जाएगी।

.....................................

UP Assembly Session 2026, Yogi Cabinet Decision, UP Supplementary Budget 2026-27, Suresh Khanna Press Conference, UP Vidhan Sabha August 3 Session, लखनऊ समाचार