बोकारो के वेदांता ईएसएल स्टील प्लांट में गैस संपर्क हादसे के बाद कंपनी ने पीड़ितों के परिजनों को सहायता देने और पारदर्शी जांच का आश्वासन दिया है। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, बोकारो।
बोकारो स्थित ईएसएल स्टील लिमिटेड (वेदांता) ने प्लांट परिसर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने और पारदर्शी जांच का मजबूत संकल्प जताया है। कंपनी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग देने और हादसे के कारणों का सटीक पता लगाने के लिए एक स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि रविवार को प्लांट परिसर में गैस के संपर्क में आने से दो अधिकारियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका। मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो (कार्यकारी अधिकारी) और धनबाद निवासी समीर अंसारी (बिजनेस पार्टनर के अधीन कार्यरत इंजीनियर) के रूप में हुई है।
त्वरित कार्रवाई और पारदर्शी जांच की प्रतिबद्धता
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। ईएसएल स्टील लिमिटेड के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी इस दुखद घड़ी में परिजनों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक सुरक्षा मानकों और आपातकालीन प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए घटना की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर तुरंत सुधारात्मक और उचित कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो।