पश्चिम बंगाल के तारापीठ स्थित एक होटल में सोमवार तड़के लगी भीषण आग से 7 पर्यटकों की दर्दनाक मौत हो गई और कई घायल हैं। रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज जारी है। पढ़ें पूरी खबर।

 

तारापीठ (पश्चिम बंगाल)। सावन की तीसरी सोमवारी और नागपंचमी के पावन पर्व पर एक तरफ जहां देशभर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है, वहीं दूसरी ओर बिहार और पश्चिम बंगाल से आई दो दर्दनाक खबरों ने देश को झकझोर कर रख दिया है। बिहार के लखीसराय स्थित अशोक धाम मंदिर में मची भगदड़ के बाद अब पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ तारापीठ के पास एक होटल में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में धुएं से दम घुटने और झुलसने के कारण 7 पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार तड़के करीब 4:00 बजे का है, जब होटल में ठहरे सभी श्रद्धालु और पर्यटक गहरी नींद में सो रहे थे। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों और जहरीले धुएं के कारण कमरे में सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। धुएं से दम घुटने के कारण 7 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और कमरे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत पास के रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी है, वहीं आशंका जताई जा रही है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

 

इस भयावह हादसे के बाद होटल के अग्निशमन और सुरक्षा इंतजामों (फायर सेफ्टी) पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि होटल में आग से निपटने के पुख्ता इंतजाम नहीं थे और न ही कोई इमरजेंसी एग्जिट सुचारू था। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर पहुंच रही है। सावन के इस पावन मौके पर हुए इस हादसे से तारापीठ दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के बीच मातम छा गया है।

 

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822