रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में 'यूथ वॉयस देवघर' ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। JSSC-JPSC परीक्षा रद्द कर CBI जांच की मांग उठाई।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) और झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ रांची में आंदोलनरत छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में युवाओं का आक्रोश फूट पड़ा है। मंगलवार को 'यूथ वॉयस देवघर' के बैनर तले युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया और सरकार विरोधी नारेबाजी की।

 

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे शुभम कुमार ने कहा कि अपने अधिकारों और परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। युवाओं ने सरकार से दमनकारी नीति छोड़ने और छात्रों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।

 

प्रमुख मांगें:

परीक्षाएं रद्द हों: टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं सहित JPSC और JSSC की विवादित परीक्षाओं को अविलंब रद्द किया जाए।

पारदर्शी प्रक्रिया: परीक्षाओं का आयोजन नए सिरे से पूरी पारदर्शिता और सख्त व्यवस्था के साथ दोबारा कराया जाए।

CBI जांच: पूरे परीक्षा घोटाले और धांधली प्रकरण की निष्पक्ष जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराई जाए।

कड़ी कार्रवाई व इस्तीफा: मामले में संलिप्त दोषियों, राजनेताओं और अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए शिक्षा मंत्री सहित जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से इस्तीफे की मांग की गई।

 

संगठन ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से शुभम कुमार, अनुज राय, अक्षय सिंह राजपूत, अभिषेक सिंह, राजीव रंजन राय, अमर कुमार, सिंटू कुमार, प्रीतम कुमार, विनय राय, पांडव यादव, रितेश कुमार, गौरव कुमार, आशीष आनंद सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय युवा और छात्र उपस्थित थे।

-   विकास कुमार की रिपोर्ट

............................................................................

 

Youth Voice Deoghar, Hemant Soren Effigy Burnt, JSSC JPSC Protest, Deoghar Student Protest, CBI Probe JSSC, Deoghar News, Kanchan Kranti News