श्रावणी मेला 2026 को लेकर NHAI की बड़ी पहल। बासुकीनाथ–देवघर मार्ग पर बन रहा है 36 किमी लंबा समर्पित कांवड़िया पथ और फोर-लेन, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुगम और सुरक्षित यात्रा की सौगात।

कंचनक्रांति ब्यूरो

देवघर। विश्वप्रसिद्ध आगामी श्रावण मेला 2026 के मद्देनजर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग-114A के बासुकीनाथ–देवघर खंड पर 45.159 किलोमीटर लंबी फोर-लेन परियोजना का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है। इस आधुनिक सड़क अवसंरचना के विकास से देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों को बेहद सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा।

श्रावण मास के पावन अवसर पर सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर पैदल आने वाले लाखों कांवड़िये बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने के बाद बासुकीनाथ मंदिर पहुंचते हैं। कांवड़ियों की इसी कठिन यात्रा को सुगम बनाने के लिए परियोजना के तहत 36.044 किलोमीटर लंबा और 3.5 मीटर चौड़ा एक विशेष 'समर्पित कांवड़िया पथ' विकसित किया जा रहा है। इस पथ के निर्माण से पैदल चलने वाले कांवड़ यात्रियों और सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह अलग हो जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त होगी और यातायात व्यवस्था पूरी तरह अनुशासित रहेगी।


बाईपास और आधुनिक ओवरब्रिज से सुगम होगा सफर

यातायात को निर्बाध बनाए रखने के लिए इस परियोजना के अंतर्गत बासुकीनाथ, सहारा, तालझारी, घोरमारा एवं देवघर बाईपास सहित कुल 28.677 किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा के लिए सर्विस रोड, स्लिप रोड, फ्लाईओवर, रेल ओवर ब्रिज (ROB) और अंडरपास जैसी आधुनिक सड़क सुरक्षा संरचनाएं तैयार की जा रही हैं, जो इस पूरे मार्ग को अंतरराष्ट्रीय स्तर की कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी।

मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए NHAI द्वारा संबंधित परियोजना खंडों की विशेष निगरानी की जा रही है। सड़कों की मरम्मत, गड्ढामुक्त मार्ग, जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था, रिफ्लेक्टिव मार्किंग, सड़क संकेतक, सुरक्षा बैरियर और स्वच्छता संबंधी कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा किया जा रहा है।


"करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को सुगम बनाना हमारी प्रतिबद्धता" — क्षेत्रीय अधिकारी, NHAI

इस महत्वपूर्ण पहल पर NHAI, क्षेत्रीय कार्यालय रांची के क्षेत्रीय अधिकारी ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा:

“श्रावण मेला झारखंड सहित पूरे देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का प्रतीक है। NHAI सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। बासुकीनाथ–देवघर फोर-लेन परियोजना के तहत तैयार हो रहा समर्पित कांवड़िया पथ सड़क सुरक्षा को एक नया आयाम देगा। हमारी तकनीकी टीम मेले से पहले यात्री सुविधाओं से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को पूर्ण करने के लिए निरंतर काम कर रही है।”

क्षेत्रीय पर्यटन और आर्थिक विकास को मिलेगी नई गति

बासुकीनाथ–देवघर फोर-लेन परियोजना के पूर्ण होने से न केवल सुल्तानगंज-देवघर-बासुकीनाथ का पूरा मेला क्षेत्र सुव्यवस्थित होगा, बल्कि बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकीनाथ मंदिर, त्रिकूट पर्वत समेत क्षेत्र के अन्य प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच बेहद आसान हो जाएगी। इस सुदृढ़ सड़क मार्ग से आने वाले समय में क्षेत्रीय पर्यटन, स्थानीय व्यापार और संताल परगना के आर्थिक विकास को एक नई और अभूतपूर्व गति मिलने की उम्मीद है।

....................................................................................................................................

Keywords : श्रावण मेला 2026, बासुकीनाथ देवघर फोर लेन, NHAI देवघर, समर्पित कांवड़िया पथ, बाबा बैद्यनाथ धाम, कंचनक्रांति देवघर न्यूज, NH-114A देवघर।