एचपी गैस एजेंसी से चोरों ने ताला तोड़कर 10 भरे और 4 खाली सिलेंडर चुरा लिए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी।

धनबाद। स्थानीय डिगवाडीह बाजार स्थित मां दुर्गा एचपी गैस ग्रामीण वितरक के कार्यालय में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सोमवार की तड़के (सुबह करीब 3 बजे) अज्ञात चोरों ने एजेंसी के कार्यालय का मुख्य ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और वहां रखे कुल 14 गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। चुराए गए सिलेंडरों में 10 भरे हुए और 4 खाली सिलेंडर शामिल हैं।

गैस एजेंसी की संचालिका भारती देवी ने इस संबंध में जोड़ापोखर थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है। संचालिका ने बताया कि चोरी की यह पूरी घटना कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

लिखित आवेदन में पुलिस से मांग की गई है कि सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तुरंत पहचान की जाए। चोरी गए सिलेंडरों को जल्द से जल्द बरामद किया जाए। घटना में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।

बाजार के मुख्य इलाके में स्थित गैस एजेंसी में इस तरह ताला तोड़कर हुई चोरी से स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार में तड़के चोरी होना पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े करता है।

फिलहाल, सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के हुलिए और भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है, जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822