मधुपुर में चोरी का खुलासा। पुलिस ने छापेमारी कर तार, बैटरी और मोटर के साथ दो चोरों और कबाड़ी पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर।।


देवघर। झारखंड के मधुपुर थाना पुलिस ने चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरों और कबाड़ियों के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर चोरी के तार, बैटरियां और समरसेबल मोटर बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो कबाड़ी पिता-पुत्र समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पटवाबाद और पत्थरचपटी इलाके में छापेमारी की। भारी मात्रा में काले और रंगीन वायरिंग तार, अलग-अलग कंपनियों की बैटरियां (लिव गार्ड, लिव फास्ट, एक्साइड) और तांबे के तार वाला समरसेबल मोटर जब्त।

मधुपुर थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कांडों का सफल उद्भेदन (खुलासा) किया है। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ दो कबाड़ी समेत चार लोगों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पटवाबाद निवासी सगीर आलम द्वारा थाने में चोरी को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आवेदन में तिलैयाटांड़ निवासी बबन शाह, एहसान उर्फ लाल और मो. इमरान पर चोरी का गंभीर आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी राजीव कुमार के निर्देश पर पुअनि धर्मवीर भगत, पुअनि अशोक कुमार और सशस्त्र बल ने तिलैयाटांड़ स्थित मुख्य आरोपियों के घरों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां से भारी मात्रा में चोरी गया सामान बरामद किया। इनमें

12 मीटर मोटा काला तार, 55 मीटर सिल्वर रंग का तार, 30 मीटर लाल रंग का वायरिंग तार, 10 मीटर काले रंग का वायरिंग तार शामिल हैं। इस दौरान पुलिस ने मौके से आरोपी बबन शाह और एहसान उर्फ लाल को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पत्थरचपटी स्थित रामू मंडल की कबाड़ी दुकान पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। दुकान की तलाशी लेने पर वहां से चोरी का सामान भारी मात्रा में मिला, जिसमें Luminous/Livguard) की लाल बैटरी, लिव फास्ट (Livfast) की नारंगी-काले रंग की बैटरी, एक्साइड (Exide) की लाल बैटरियां, तांबे के तार वाला स्टील रंग का समरसेबल मोटर (वजन लगभग 2.20 ग्राम) शामिल हैं।


कबाड़ी दुकानदार ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह काफी समय से चोरी का सामान खरीदने और बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। उसने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले ही उसने बबन शाह और एहसान से तांबे के तार और बैटरियां खरीदी थीं।


इस खुलासे के बाद पुलिस ने कॉलेज गली नया बाजार से कबाड़ी दुकान के मालिक 62 वर्षीय रामू मंडल और उसके 28 वर्षीय पुत्र अमर कुमार मंडल (दोनों पिता-पुत्र) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस संबंध में अलग से मधुपुर थाना कांड संख्या- 209/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822