देवघर के करनीबाग में पल्सर सवार बदमाशों ने ठेकेदार वीरेंद्र कुमार से 2.5 लाख रुपये से भरा थैला छीना। पीछा करते वक्त पीड़ित घायल हुए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


देवघर। नगर थाना क्षेत्र के करनीबाग निवासी और पेटी कॉन्ट्रैक्टर सह जमीन कारोबारी वीरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू सोमवार को दिनदहाड़े छिनतई की घटना का शिकार हो गए। पल्सर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक निजी क्लिनिक परिसर से उनकी बाइक की हैंडिल में टंगा ढाई लाख रुपये से भरा थैला झपट लिया और मौके से फरार हो गए।


मिली जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र कुमार सोमवार दोपहर एसबीआइ की मुख्य शाखा (साधना भवन) पहुंचे थे। वहां अपने एक परिचित से 2.5 लाख रुपये लेने के बाद उन्होंने राशि को एक बैग में रखा और अपनी बाइक के हैंडिल में टांग लिया। इसके बाद वह वीआईपी चौक-साहेब पोखर रोड स्थित एक निजी क्लिनिक पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि बैंक परिसर से ही बाइक सवार दो बदमाश उनका पीछा कर रहे थे।


क्लिनिक परिसर में पहुंचते ही बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। एक अपराधी स्टार्ट बाइक पर बाहर गली में ही इंतजार कर रहा था। दूसरा बदमाश पैदल ही क्लिनिक परिसर के भीतर दाखिल हुआ और मौका मिलते ही वीरेंद्र कुमार की बाइक के हैंडिल से थैला झपटकर तेजी से बाहर भागा।

थैला हाथ में आते ही बदमाश अपने साथी की बाइक पर पीछे बैठा और दोनों तेजी से वीआईपी चौक की दिशा में फरार हो गए।


घटना के तुरंत बाद वीरेंद्र कुमार ने अपनी बाइक से बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन तेज गति से भाग रहे अपराधियों का पीछा करने के दौरान वह असंतुलित होकर बाइक से गिर पड़े। इस हादसे में उन्हें चोटें आईं। प्राथमिक उपचार कराने के बाद पीड़ित ने नगर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।


घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। क्लिनिक और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पूरी वारदात और बदमाशों के भागने का रूट स्पष्ट दिखाई दे रहा है।


पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822