राजगीर में खराब मौसम और आकाशीय बिजली के कारण रोपवे में तकनीकी खराबी आ गई। हवा में फंसे 20 बोल बम श्रद्धालुओं को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
नालंदा। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक नगरी राजगीर में खराब मौसम और आकाशीय बिजली के कारण राजगीर रोपवे में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते दर्शन के लिए पहुंचे 15 से 20 'बोल बम' श्रद्धालु हवा में लटकी ट्रॉलियों में फंस गए। बीच रास्ते में ट्रॉलियां रुकने और उमस भरी गर्मी के कारण श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रोपवे प्रबंधन ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्रशिक्षित कर्मचारियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद सभी श्रद्धालुओं को सकुशल नीचे उतार लिया। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
रोपवे प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली और खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए संचालन तुरंत रोक दिया गया था। पूरी तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों के परीक्षण के बाद ही सेवा दोबारा बहाल की गई। उन्होंने बताया कि नियमित रखरखाव और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के साथ की जाने वाली मॉक ड्रिल के कारण ही श्रद्धालुओं का त्वरित और सुरक्षित रेस्क्यू संभव हो सका।
............................................................................................................................
राजगीर रोपवे हादसा, बोल बम श्रद्धालु रेस्क्यू, नालंदा रोपवे तकनीकी खराबी, राजगीर न्यूज, नालंदा समाचार, राजगीर ट्रिप सेफ्टी
