कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की चौथी और अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। अंतिम सोमवारी को होने वाली अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुलभ और कतारबद्ध जलार्पण कराने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक (SP) ने रविवार देर रात से ही मोर्चा संभाल लिया था।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने अहले सुबह तक मेला क्षेत्र की सुरक्षा और विधि व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख मार्गों और संवेदनशील पॉइंटों का भ्रमण किया। उन्होंने नंदन पहाड़, कालीबाड़ी, कुमुदिनी घोष रोड, बरमसिया, सरकार भवन, बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, जलसार मोड़ और शिवराम झा चौक आदि का निरीक्षण किया।
बाबा मंदिर के आसपास के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
विभिन्न पॉइंटों पर तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि देवघर आने वाला हर कांवरिया हमारा सम्मानित अतिथि है। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए:
सभी जवान और अधिकारी संवेदनशीलता व सेवा भाव के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।
किसी भी शिवभक्त को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए तत्परता से मदद करें।
भीड़ के दबाव के बीच संयम और विनम्रता बनाए रखें।
मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए विभिन्न सेवा केंद्रों का जायजा लेते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाएं चौबीस घंटे दुरुस्त रखने का आदेश दिया। इनमें सभी मेडिकल कैंपों में डॉक्टरों की 24 घंटे मौजूदगी और पर्याप्त दवाओं का स्टॉक सुनिश्चित रहे। बिजली आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था में कोई व्यवधान न आए, इसकी लगातार मॉनिटरिंग हो। सूचना केंद्र और 'मातृत्व विश्राम गृह' पूरी तरह सक्रिय रहें, ताकि बिछड़े लोगों को मिलाने और महिला श्रद्धालुओं को तुरंत राहत पहुंचाने में देरी न हो।
मेला क्षेत्र का सघन दौरा करने के बाद उपायुक्त बाबा मंदिर प्रांगण स्थित केंद्रीय कंट्रोल रूम पहुंचे। वहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र, मंदिर परिसर और किलोमीटर लंबी रूटलाइन की लाइव मॉनिटरिंग की। कंट्रोल रूम से ही उन्होंने भीड़ के दबाव को देखते हुए तैनात अधिकारियों को ट्रैफिक डायवर्जन और क्राउड मैनेजमेंट के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश प्रसारित किए।
प्रशासन के इस सख्त और संवेदनशील रवैये से अंतिम सोमवारी पर बाबा के भक्तों को सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराने की पूरी तैयारी सुनिश्चित की गई है।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822