राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पहले दिन देवघर में 74,987 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। DC सौरभ कुमार भुवानिया और SP प्रवीण पुष्कर ने 24x7 चलने वाले हाईटेक मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया। पढ़ें पूरी खबर।
देवघर। विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पहले दिन बाबा नगरी देवघर में श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला। अहले सुबह 04:02 बजे से बाबा भोलेनाथ पर जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हुई।
पहले दिन कुल 74,987 श्रद्धालुओं ने पवित्र ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसमें आंतरिक अर्घा से 63,466, बाह्य अर्घा के माध्यम से 7,534 और शीघ्र दर्शनम व्यवस्था के जरिए 3,987 श्रद्धालुओं ने सुलभतापूर्वक पूजा-अर्चना की।
आर.एल. सर्राफ स्कूल प्रांगण में हाईटेक मीडिया सेंटर का उद्घाटन

श्रावणी मेले के दौरान देश-दुनिया तक सही और त्वरित सूचनाएँ पहुँचाने के उद्देश्य से आर.एल. सर्राफ स्कूल प्रांगण में वातानुकूलित एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मीडिया सेंटर का निर्माण किया गया है। 30 जुलाई 2026 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस हाईटेक मीडिया सेंटर का शुभारंभ किया।
उपायुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह मीडिया सेंटर मेले के दौरान 24x7 मोड में कार्यरत रहेगा। इसमें पत्रकारों की सहूलियत के लिए कंप्यूटर सिस्टम, हाई-स्पीड इंटरनेट, प्रिंटर, पेयजल और बैठने की उत्तम व्यवस्था की गई है, ताकि मेले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि की जानकारी सुगमता से आमजनों तक पहुँच सके।
केंद्रीय सूचना सह सहायता केंद्र का किया निरीक्षण
उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने आर.एल. सर्राफ प्रांगण में ही स्थापित केंद्रीय सूचना सह सहायता केंद्र का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वहाँ तैनात कर्मियों से बातचीत कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली और निर्देश दिए कि बाबा धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सहायता पूरी विनम्रता, सरलता और सेवा भाव के साथ की जाए।
उद्घाटन अवसर पर उपस्थित वरीय अधिकारी

इस मौके पर उप विकास आयुक्त (DDC) पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (DPR) राहुल कुमार भारती, एसडीपीओ कुलदीप कुमार, हेडक्वार्टर डीएसपी चंद्रशेखर, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
...................................................................................................
राजकीय श्रावणी मेला 2026, Deoghar Shrawani Mela 2026, देवघर जलार्पण संख्या, सौरभ कुमार भुवानिया उपायुक्त देवघर, बाबा धाम जलार्पण आंकड़े, Deoghar Media Center Inauguration, प्रवीण पुष्कर एसपी देवघर, Deoghar News Today
deoghar-shrawani-mela-2026-first-day-devotees-jalarpana-hitech-media-center-inaugurated
