जसीडीह में खुद को इनकम टैक्स अफसर बताकर अपराधियों ने राइस मिल मालिक से 40 लाख रुपये और लैपटॉप लूटा। व्यवसायी को अपहृत कर जमुई के जंगलों में फेंका।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 

बिहार-झारखंड की सीमा पर अपराधियों के दुस्साहस का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन के होश उड़ा दिए हैं। खुद को आयकर विभाग (IT) का बड़ा अधिकारी बताकर छह शातिर अपराधियों ने अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म स्पेशल 26 के अंदाज में एक राइस मिल मालिक को रास्ते में घेरा, जांच का ढोंग रचाया और करीब 40 लाख रुपये नकद व लैपटॉप लूटकर रफूचक्कर हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी पीड़ित कारोबारी को जमुई जिले के सुनसान जंगलों में बेबस छोड़कर फरार हो गए। दिनदहाड़े अंजाम दी गई हाईप्रोफाइल डकैती से व्यवसायियों में खौफ और दहशत का माहौल है।

 

वंदे भारत पकड़ने जा रहे थे व्यवसाई

बांका जिले के चांदन स्थित राइस मिल के मालिक वीरेंद्र चौधरी शनिवार सुबह करीब 40 लाख रुपये कैश लेकर कोलकाता जाने के लिए अपनी कार से जसीडीह स्टेशन की ओर बढ़ रहे थे। उन्हें वहां से वंदे भारत ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान दर्दमारा बॉर्डर के पास से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो उनका पीछा करने लगी। टाभाघाट गांव के पास स्कॉर्पियो सवार छह बदमाशों ने ओवरटेक कर कारोबारी की गाड़ी रुकवा ली। खुद को इनकम टैक्स अफसर बताकर पहले गाड़ी की तलाशी ली और फिर कारोबारी को जबरन अपनी स्कॉर्पियो में बिठा लिया।

 

जमुई के बीहड़ में फेंककर हुए फुर्र

अपराधी कारोबारी को बंधक बनाकर बिहार सीमा की ओर ले गए और जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के घने व सुनसान जंगलों में पहुंचे। वहां 40 लाख रुपये से भरा बैग और लैपटॉप छीनने के बाद पीड़ित को जंगल में ही धकेल दिया और गाड़ी तेजी से लेकर निकल गए। जैसे-तैसे बदहवास हालत में पीड़ित व्यवसायी ने जसीडीह थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

 

अपनों पर ही रेकी का शक

मामले की गंभीरता को देखते हुए जसीडीह पुलिस, एसआई राजेंद्र सिंकू और चांदन क्षेत्र के डीएसपी तुरंत एक्शन में आए। पुलिस अब दर्दमारा बॉर्डर से लेकर टाभाघाट तक के पूरे रूट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। तफ्तीश का सबसे बड़ा बिंदु यह है कि आखिर अपराधियों को इतनी बड़ी रकम की सटीक सूचना किसने दी? पुलिस को गहरा शक है कि किसी करीबी या भेदी ने कारोबारी की 'रेकी' कर पल-पल की मूवमेंट की जानकारी अपराधियों तक पहुंचाई थी। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन की मदद से अंतरराज्यीय गिरोह की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

............................................................................................................

देवघर न्यूज, जसीडीह लूटकांड, नकली इनकम टैक्स अधिकारी, 40 लाख की लूट, बिहार-झारखंड अपराध, चांदन राइस मिल मालिक, चंद्रमंडीह जंगल