बीरभूम में पुलिस रेड: पत्थर कारोबारी के करीबी और पूर्व सरकारी बस चालक मीनार मंडल के घर से 5.5 करोड़ रुपये नकद और 10 करोड़ का सोना बरामद हुआ है।

 

सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध संपत्ति का बड़ा खुलासा किया है। मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में चर्चित पत्थर कारोबारी टुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के करीबी और पूर्व सरकारी बस चालक मीनार मंडल के घर पर की गई इस कार्रवाई में 5.5 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और 10 करोड़ रुपये से अधिक का सोना बरामद किया गया है।

संदूक में छिपाकर रखी गई थी संपत्ति, नोट गिनने के लिए मंगानी पड़ीं मशीनें

पुलिस के अनुसार, यह बड़ी बरामदगी घर के भीतर रखे एक बड़े संदूक से हुई। जब्त की गई नकदी की मात्रा इतनी अधिक थी कि गिनती के लिए बैंक से नोट गिनने वाली मशीनें मंगवानी पड़ीं। पुलिस फिलहाल आरोपी मीनार मंडल से इस विशाल धन-संपत्ति के स्रोत को लेकर पूछताछ कर रही है।

आशंका जताई जा रही है कि अवैध पत्थर और बालू खनन से जुड़ी कमाई को छिपाने के लिए पूर्व बस चालक मीनार मंडल के घर का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो।

 

बस चालक से कारोबारी तक का सफर

जांच अधिकारियों के अनुसार, मीनार मंडल पहले एक सरकारी बस चालक के रूप में काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान बीरभूम के बड़े पत्थर कारोबारी टुलु मंडल से हुई। इसके बाद उसने अपनी नौकरी छोड़कर पत्थर के व्यापार में कदम रखा। टुलु मंडल को तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता रहा है।

नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने साधा निशाना

इस बड़ी बरामदगी के बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राज्य सरकार और कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन से अवैध रूप से जमा की गई अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है और इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच होनी चाहिए।

...................................................................................................

बीरभूम पूर्व बस चालक कैश, बीरभूम पुलिस छापेमारी, टुलु मंडल बीरभूम, मीनार मंडल बीरभूम, पश्चिम बंगाल कैश बरामदगी, मोहम्मद बाजार रेड, शुभेंदु अधिकारी