श्रावणी मेला 2026: देवघर में बिना परमिट चल रही 7 बसों और 8 अनफिट ऑटो पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, ₹21,550 का जुर्माना वसूला।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी (DTO) ने क्लब ग्राउंड स्थित अस्थायी बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की।
जांच के दौरान बिना वैध 'मेला स्पेशल परमिट' के चल रही 07 बसों से कुल ₹4,550 का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, प्रतिबंधित देवघर-बासुकीनाथ मार्ग पर श्रद्धालुओं को ले जा रहे 08 ऑटो (टेम्पू) को पकड़ा गया। इन वाहनों में फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र फेल होने जैसी गंभीर कमियां पाई गईं, जिस पर कुल ₹17,000 का ऑन-द-स्पॉट जुर्माना लगाया गया।

ऑटो में असुरक्षित तरीके से यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित उतारकर बसों के जरिए बासुकीनाथ के लिए रवाना किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि श्रावणी मेले के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यह दंडात्मक अभियान निरंतर जारी रहेगा।
...................................................................................................................
Deoghar News, Shravani Mela 2026, Transport Department Action, DTO Deoghar Raid, Fine On Buses Autos, Deoghar Basukinath Route Transport
