साहिबगंज के बड़ी कोदरजन्ना पटवर टोला में बाढ़ के पानी में डूबने से 56 वर्षीय जिछू राम की मौत हो गई। एक महीने बाद बेटी की शादी थी, घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में मातम छाया है।


साहिबगंज । जिले में बाढ़ का प्रकोप अब जानलेवा साबित होने लगा है। सदर प्रखंड अंतर्गत बड़ी कोदरजन्ना के पटवर टोला में बाढ़ के पानी में डूबने से 56 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जिछू राम के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम गांव में बाढ़ का पानी घुस जाने के कारण जिछू राम अपने घर का सामान एक सुरक्षित स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए। देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उस समय कोई सुराग नहीं मिल सका।


सोमवार की सुबह जब ग्रामीणों की नजर बाढ़ के पानी में तैरते एक शव पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। परिजनों ने पास जाकर देखा तो शव जिछू राम का ही था। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।


मृतक के पिता रामधनी राम ने बिलखते हुए बताया कि ठीक एक महीने बाद उनकी पोती (जिछू राम की पुत्री) की शादी तय थी। जिछू पिछले कई दिनों से शादी की तैयारियों में दिन-रात जुटे हुए थे। पिता ने रोते हुए कहा, "गांव में आई बाढ़ हमारी सारी खुशियां बहाकर ले गई। अब इस गरीब परिवार में बच्ची की शादी कैसे होगी?"


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों के बयान के अनुसार व्यक्ति की मौत बाढ़ के पानी में डूबने से हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822