एम्स देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने 173 विद्यार्थियों को डिग्रियां सौंपी व 11 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। पढ़ें पूरी खबर।
विकास कुमार, देवघर।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) देवघर के द्वितीय दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं। इस मौके पर उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, आप केवल डिग्री नहीं लें, बल्कि सेवा और संवेदना को अपना धर्म बनाएं।
173 स्नातकों में 132 छात्राएं: महिला सशक्तिकरण की मिसाल
दीक्षांत समारोह के दौरान एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, एमडी (MD) और एमएस (MS) पाठ्यक्रमों के कुल 173 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। विशेष बात यह रही कि डिग्री प्राप्त करने वालों में 132 छात्राएं (महिलाएं) शामिल थीं। उपराष्ट्रपति ने इसे देश में महिला-नेतृत्व वाले विकास (Women-led Development) और महिला सशक्तिकरण का बड़ा उदाहरण बताया।
समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया।
डॉक्टरों को दिया सेवा, संवेदना और नवाचार का मंत्र
समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने डॉक्टरों से कहा कि चिकित्सा की डिग्री केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के वंचित और कमजोर वर्गों की करुणा और समर्पण के साथ सेवा करने का दायित्व है। उन्होंने स्नातकों से अपील की कि वे अपने ज्ञान का प्रसार सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित न रखें, बल्कि गांवों, जनजातीय इलाकों और देश के दूरदराज के क्षेत्रों में जाकर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें।
उन्होंने आधुनिक चिकित्सा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेलीमेडिसिन और डिजिटल डायग्नोस्टिक्स जैसी तकनीकों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और युवा पीढ़ी के बीच नशे का संदेश का संदेश फैलाने का आह्वान भी किया।
देवघर बना पूर्वी भारत का प्रमुख मेडिकल हब
एम्स देवघर को संतुलित एवं समावेशी विकास का प्रतीक बताते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि पहले बेहतर इलाज के लिए लोगों को दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब देवघर में ही सुपर-स्पेशलिटी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो संताल परगना और पूरे पूर्वी भारत के लिए वरदान साबित हो रही हैं।
मंच पर उपस्थित रहे कई दिग्गज
कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, देवघर विधायक सुरेश पासवान, एम्स देवघर की अध्यक्षा प्रो. एओमवी पद्माश्रीवास्तव तथा कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ डॉ. नितिन एम. गंगने समेत कई वरिष्ठ चिकित्साधिकारी, संकाय सदस्य और अभिभावक उपस्थित रहे।
.................................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822