लखनऊ-रायबरेली रेलमार्ग पर बछरावां-कुंदनगंज के पास मेंटेनेंस मशीन डिरेल होने से 5 घंटे रेल यातायात ठप रहा। वंदे भारत व पंजाब मेल समेत कई ट्रेनें प्रभावित हुईं।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
लखनऊ-रायबरेली रेल मार्ग पर बछरावां-कुंदनगंज रेलखंड के पहुरावां गांव के निकट शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। गिट्टियों को ठीक करने (ट्रैक मेंटेनेंस) के काम में लगी मशीन (बीसीएम) के दो पहिये अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद डाउन लाइन पर लगभग पांच घंटे तक रेल संचालन पूरी तरह ठप रहा।
चार महत्वपूर्ण ट्रेनें फंसी, यात्री परेशान
ट्रैक बाधित होने के कारण प्रयागराज से लखनऊ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल, और लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस समेत चार प्रमुख ट्रेनों की रफ्तार थम गई। ट्रेनों को आसपास के विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। भीषण गर्मी और अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों को पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे महकमे में अफरा-तफरी मच गई। दोपहर लगभग 1:20 बजे हुए इस हादसे के बाद शाम करीब 4 बजे लखनऊ से एक्सीडेंटल रिलीफ ट्रेन (ART) मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।
यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि एआरटी टीम की मशक्कत के बाद मशीन को वापस पटरी पर रखकर शाम 6 बजे के बाद ट्रेनों का आवागमन सामान्य कर दिया गया है।
वहीं वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) विजय कालरा ने बताया कि घटना की प्राथमिक जांच की जा रही है और हादसे के कारणों के साथ-साथ रेलवे ट्रैक व मशीन को हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
.................................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822