अमरोहा के नौगावां सादात में 'बिहारी' कहकर चिढ़ाने पर साथी नौकर ने की प्रदीप की हत्या। पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर आरोपी नितेश को किया गिरफ्तार। पूरी खबर पढ़ें।

 

कंचन क्रांति रिपोर्टर, अमरोहा।

नौगावां सादात थाना पुलिस ने नाजरपुर गांव में हुए चर्चित प्रदीप हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पशुशाला में काम करने वाले सहकर्मी नितेश ने ही गाली-गलौज और बिहारी  कहकर चिढ़ाने से क्षुब्ध होकर धारदार हथियार से वार कर प्रदीप की हत्या की थी। साक्ष्य छुपाने की नीयत से आरोपी ने शव पर मिट्टी का तेल डालकर जलाने का प्रयास किया और फिर उसे भूसे की कोठरी में पॉलीथीन से ढककर छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल बरामद कर लिया है।


लापता होने के दो दिन बाद भूसे की कोठरी से मिला था शव

नाजरपुर निवासी ग्राम प्रधान राकेश कुमार और वेदपाल सिंह की संयुक्त पशुशाला में मुरादाबाद (थाना छजलैट) के हाफिजपुर निवासी 35 वर्षीय प्रदीप बीते पांच वर्षों से काम कर रहा था। वहीं, बिहार के सीतामढ़ी जिला निवासी नितेश भी वहां दूसरा नौकर था। 18 अगस्त की सुबह से प्रदीप रहस्यमय परिस्थितियों में गायब था। परिजनों और परिचितों द्वारा खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो 21 अगस्त की शाम थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई। इसके महज दो घंटे बाद पशुशाला की भूसे की कोठरी से प्रदीप का आधा जला शव बरामद हुआ।


आक्रोश में लिया खौफनाक फैसला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव, अपर पुलिस अधीक्षक और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। संदेह के आधार पर जब सहकर्मी नितेश को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

 

एसपी लखन सिंह यादव के अनुसार, आरोपी नितेश ने बताया कि मृतक प्रदीप रोजाना उसके साथ अभद्र व्यवहार करता था और उसे 'बिहारी-बिहारी' कहकर नीचा दिखाता था। इसी रंजिश में उसने धारदार हथियार से प्रदीप के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मिट्टी का तेल डालकर शव को फूंकने की कोशिश की, लेकिन तेल कम होने के कारण केवल कपड़े ही जल सके, जिसके बाद उसने शव को भूसे की कोठरी में छिपा दिया था।

 

पुलिस ने आरोपी नितेश को जेल भेज दिया है तथा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।


Amroha Pradeep Murder Case Solved Naugawan Sadat Police Arrested Nitesh

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822