जमशेदपुर। टाटा स्टील ने युवाओं के लिए अपने प्रतिष्ठित अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम-2026 के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं।
यह अवसर कंपनी के जमशेदपुर वर्क्स और टिनप्लेट डिवीजन के लिए है। इच्छुक अभ्यर्थी 23 जुलाई की रात 11:45 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह कार्यक्रम उन युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जो उद्योग में व्यावहारिक अनुभव हासिल कर अपने करियर को नई दिशा देना चाहते हैं।
प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष होगी और इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार स्टाइपेंड भी मिलेगा। प्रशिक्षण पूरा होने पर प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के लिए मैट्रिक के साथ आईटीआई करने वाले अभ्यर्थी, इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्रीधारक तथा निर्धारित विषयों के स्नातक आवेदन कर सकते हैं।
फिटर, इलेक्ट्रिशियन, मशीनिस्ट, वेल्डर, इंस्ट्रूमेंटेशन समेत विभिन्न तकनीकी ट्रेड के उम्मीदवार पात्र हैं। कुछ गैर-इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए भी आवेदन का अवसर उपलब्ध कराया गया है।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा। परीक्षा की तिथि और अन्य जानकारियां पात्र अभ्यर्थियों को ई-मेल के माध्यम से भेजी जाएंगी।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह एक अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम है, न कि स्थायी नियुक्ति। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कंपनी में नौकरी का कोई दावा या अधिकार नहीं होगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान रहने और खाने की व्यवस्था अभ्यर्थियों को स्वयं करनी होगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें। पोर्टल पर बढ़ते ट्रैफिक या तकनीकी समस्या से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। टाटा स्टील जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में प्रशिक्षण का यह अवसर भविष्य में रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
