अररिया में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने उद्योग विभाग के जिला महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
अररिया। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने शनिवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक (GM) अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए उनके शिवपुरी स्थित किराये के आवास से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मशीन सप्लायर कमर आलम ने हाल ही में उद्योग विभाग के माध्यम से उद्यमियों को 17 लाख रुपये की मशीनें सप्लाई की थीं। आरोप है कि महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल ने कुल राशि पर पांच प्रतिशत कमीशन की दर से 50 हजार रुपये की उत्कोच (रिश्वत) की मांग की थी। भुगतान न करने पर काम अटकाने और परेशान करने की धमकी दी जा रही थी।
परेशान होकर सप्लायर ने इस संबंध में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले के गोपनीय सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर निगरानी विभाग ने कांड संख्या 95/26 दर्ज करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया।
शनिवार की सुबह निगरानी ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सतीश चंद्र माधव के नेतृत्व में टीम ने शिवपुरी स्थित महाप्रबंधक के आवास पर घेराबंदी की। जैसे ही सप्लायर ने 50 हजार रुपये की राशि महाप्रबंधक को सौंपी, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर निगरानी की टीम आरोपी महाप्रबंधक को अपने साथ पटना लेकर रवाना हो गई, जहां उन्हें विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। इस अचानक हुई कार्रवाई से उद्योग विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच हड़कंप का माहौल है।
.................................................................................
अररिया न्यूज, निगरानी विभाग, उद्योग विभाग महाप्रबंधक गिरफ्तार, अनिल कुमार मंडल, अररिया रिश्वतकांड, निगरानी ब्यूरो पटना, बिहार क्राइम न्यूज
