पश्चिम चंपारण (बेतिया) के सिरिसिया में बेखौफ अपराधियों ने सर्राफा कारोबारी गोविंद साह को सीने में गोली मारी। GMCH बेतिया में इलाज और जांच के दौरान परिजनों के हंगामे के बाद मरीज को निजी एंबुलेंस से ले जाया गया।

कंचन क्रांति न्यूज, बेतिया।

 पश्चिम चंपारण जिले के सिरिसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गरभुआ गांव निवासी स्वर्ण व्यवसायी गोविंद साह (45) को सोमवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अपराधियों ने उन्हें सीधे सीने में गोली मारी। घटना के बाद बेतिया के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) में इलाज के दौरान ग्रामीणों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की, जिससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई।

 

जानकारी के अनुसार, पीड़ित गोविंद साह मनुआपुल स्थित अपनी सोने-चांदी की दुकान बंद कर देर शाम बाइक से अपने घर गरभुआ लौट रहे थे। रास्ते में घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने रात करीब 9 बजे उन पर फायरिंग कर दी। गोली सीने में लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें रात करीब 9:30 बजे आनन-फानन में GMCH बेतिया में भर्ती कराया।

 

जांच की सलाह पर भड़के परिजन, अस्पताल में तोड़फोड़

GMCH पहुंचने पर डॉक्टरों ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए सीने में गोली की लोकेशन और अंदरूनी चोट का सही आकलन करने के लिए एक्स-रे और सीटी स्कैन की सलाह दी। इस प्रक्रिया के दौरान घायल की बिगड़ती हालत को देख स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ शुरू हो गई, जिससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत फैल गई।

 

हंगामे के बीच परिजन बिना डॉक्टरों से रेफर कराए ही घायल व्यवसायी को एक निजी एंबुलेंस से लेकर किसी अन्य स्थान के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद से इलाके और अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

.......................................................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822