भादो मेला 2026 के दौरान देवघर बाबा मंदिर क्षेत्र में 12 सूचना सह सहायता केंद्रों के जरिए अब तक 412 से अधिक बिछड़े श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाया गया है।

 

कंचन, क्रांति न्यूज, देवघर।

 

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल समापन के बाद बाबा वैद्यनाथ मंदिर में चल रहे भादो मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी कड़ी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, देवघर द्वारा बाबा मंदिर और पूरे मेला क्षेत्र में 12 सूचना सह सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं।

 

इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य भीड़भाड़ में अपने परिजनों से बिछड़े श्रद्धालुओं की सहायता करना और त्वरित संपर्क स्थापित कर उन्हें अपनों से मिलाना है। इन सूचना केंद्रों के माध्यम से अब तक 412 से अधिक बिछड़े श्रद्धालुओं को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया जा चुका है।

 

यहाँ बनाए गए हैं सूचना सह सहायता केंद्र

 

मेला क्षेत्र में किसी भी सहायता या बिछड़े हुए श्रद्धालुओं की जानकारी के लिए निम्न स्थानों पर केंद्र बनाए गए हैं: नेहरू पार्क प्रवेश द्वार, सुविधा केंद्र, बाबा मंदिर, शिवगंगा गोलघर, बीएड कॉलेज, मानसिंघी फुट ओवर ब्रिज, सरकार भवन मोड़, क्यू कॉम्प्लेक्स, भट्टर धर्मशाला, नेहरू पार्क पंडाल (अंदर), हिंदी विद्यापीठ, तिवारी चौक और जलसार चिल्ड्रेन पार्क।

जिला प्रशासन ने मेले में आने वाले सभी देवतुल्य श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा, रास्ता भटकने या अपनों से बिछड़ने पर तुरंत नजदीकी सूचना सह सहायता केंद्र से संपर्क करें। इन केंद्रों पर तैनात कर्मचारी श्रद्धालुओं की मदद के लिए 24 घंटे तत्पर हैं।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822