देवघर-दुमका मुख्य मार्ग पर तालझारी थाना क्षेत्र के नारगंजो के पास श्रद्धालु से भरे ऑटो और पिकअप वैन में हुई भीषण टक्कर। हादसे में 3 लोगों की मौत और 5 गंभीर रूप से घायल। पूरी खबर विस्तार से पढ़ें।
दुमका/देवघर। देवघर-दुमका मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह भीषण हादसा दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के नारगंजो के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

सदर अस्पताल में इलाजरत दुर्घटना में घायल श्रद्धालु।
मृतक की पहचान सरैयाहाट, धौनी गांव निवासी 52 वर्षीय रामाशंकर पंडा के रूप में हुई। वहीं, गंभीर रूप से घायल भागलपुर जिले के घोघा कोदवारी गांव निवासी 60 वर्षीय श्रद्धालु नाटा महलदार को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तीसरे मृतक की पहचान कराई जा रही है। वहीं वहीं, पांच गंभीर घायल श्रद्धालुओं का देवघर सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घायलों में अजय कुमार, नीतीश कुमार, प्रमिला देवी, गीता देवी और पिंकी देवी शामिल हैं। वहीं, घायल पिंकी भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र के लुदानपुर दुधैला गांव की रहने वाली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो पर सवार होकर श्रद्धालु दुमका की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तालझारी थाना क्षेत्र के नारगंजो के पास विपरीत दिशा से आ रही एक पिकअप वैन ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी यात्री गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बेहद गंभीर अवस्था में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। देवघर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे मृतकों का कुल आंकड़ा बढ़कर तीन हो गया। अन्य घायलों का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में जारी है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले दो मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका सदर अस्पताल भेज दिया है। तीसरे मृतक के शव को भी अस्पताल की प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई में शामिल किया जा रहा है।
तालझारी थाना की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों (ऑटो और पिकअप) को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा किस वाहन की लापरवाही या तेज गति के कारण हुआ। इस मर्मस्पर्शी घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। घायलों की स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और डॉक्टरों की टीम घायलों के बेहतर इलाज में जुटी हुई है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822