सीएम सम्राट चौधरी ने रक्षाबंधन पर बिहार की महिलाओं के लिए 3 नई योजनाओं की शुरुआत की। पुलिस दीदी के लिए 4,700 वाहन रवाना, बालिका PhD फेलोशिप शुरू।

 

कंचन क्रांति न्यूज, पटना

 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार की बेटियों और बहनों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए तीन महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की। पटना के ज्ञान भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने 'पुलिस दीदी' (अभया ब्रिगेड) के लिए 4,700 स्कूटर और मोटरसाइकिलों का लोकार्पण कर उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मियों के साथ बिहार देश भर में महिला पुलिस बल की सबसे अधिक संख्या वाला राज्य है। यह 4,700 दोपहिया वाहन स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़े कार्यों में त्वरित सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि आपातकालीन सेवा 112 का रिस्पॉन्स टाइम 10 मिनट से घटाकर 5 से 7 मिनट करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

उच्च शिक्षा और उद्यमिता के लिए नई योजनाएं

मुख्यमंत्री बालिका PhD फेलोशिप: उच्च शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के लिए लगभग 1,000 छात्राओं को चार वर्षों तक 10,000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना: महिला उद्यमियों और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 2,100 महिलाओं को 50,000 रुपये से 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

एक करोड़ महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था में जीविका दीदियों का योगदान 1.36 लाख करोड़ रुपये है और 43 लाख महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में 1 करोड़ और महिलाओं को जीविका, दुग्ध उत्पादन और पशुपालन के जरिए स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने पंचायती राज और नगर निकायों में महिलाओं के 50 प्रतिशत आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में 59 प्रतिशत से अधिक महिला जनप्रतिनिधि चुनकर आई हैं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी उपस्थित थीं।

………………………………………………………………………………………………………

 

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822