आय से अधिक संपत्ति मामले में खगड़िया के पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार के बिहारशरीफ, पटना और खगड़िया स्थित ठिकानों पर छापेमारी। निगरानी और EOU की कार्रवाई जारी, पढ़ें पूरी खबर।
- 1.01 करोड़ रुपये से अधिक के बेनामी संपत्ति मामले में निगरानी और EOU का बड़ा एक्शन
- खगड़िया के आवास-कार्यालय समेत बिहारशरीफ और पटना स्थित ठिकानों पर एक साथ दबिश
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में पथ निर्माण विभाग, खगड़िया में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता संजय कुमार की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। शुक्रवार को विशेष जांच एजेंसियों ने उनके तीन ठिकानों—बिहारशरीफ, खगड़िया और पटना पर एक साथ छापेमारी की। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा कार्यपालक अभियंता के खिलाफ 1 करोड़ 1 लाख रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है, जिसके बाद अदालत से सर्च वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की गई।
खगड़िया में आवास व कार्यालय खंगाला, नकद बरामद
खगड़िया में निगरानी डीएसपी शशि शेखर चौधरी के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम अलसुबह सदर अस्पताल रोड स्थित कार्यपालक अभियंता के सरकारी आवास पहुंची। लगभग दो घंटे तक चली सघन तलाशी के दौरान आवास से 81 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद टीम ने पथ निर्माण विभाग के कार्यालय में दबिश देकर अभियंता के कक्ष और विभागीय दस्तावेजों, टेंडर फाइलों व अन्य रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच की।
बिहारशरीफ में पैतृक आवास पर अफरा-तफरी

उधर, नालंदा (बिहारशरीफ) के मोगलकुआं (बौली मोहल्ला) स्थित उनके पैतृक आवास पर भी निगरानी और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की संयुक्त टीम ने तड़के धावा बोला। गाड़ियों के काफिले और सुरक्षा बलों को देख इलाके में हड़कंप मच गया। टीम ने पूरे परिसर को सील कर बाहरी लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी। घर के भीतर मौजूद अलमारियों, लॉकरों, जमीन-जायदाद के कागजात और बैंक खातों की गहन जांच की गई। इसके अलावा पटना स्थित ठिकाने पर भी एक अलग टीम ने छानबीन की।
दस्तावेजों का आकलन जारी
निगरानी डीएसपी शशि शेखर चौधरी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर तीनों शहरों में एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया। छापेमारी के दौरान जब्त किए गए वित्तीय लेन-देन, बैंक पासबुक और अचल संपत्ति से जुड़े कागजात की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तीनों स्थानों की कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही कुल बरामदगी और संपत्तियों का पूरा खुलासा किया जाएगा।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
