बिहार की 8,050 पंचायतों में से 5,285 में खेल मैदान का निर्माण पूरा हो चुका है। पूर्वी चंपारण में सबसे अधिक 307 मैदान तैयार हुए हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।

बिहार के युवा अब शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ही नहीं खेल जगत में भी नई पहचान गढ़ रहे हैं। गांव-गांव में खेल का माहौल तैयार करने के लिए सरकार के स्तर से व्यापक पहल की जा रही है। इसी कड़ी में पंचायत स्तर पर खेल मैदान का निर्माण कराया जा रहा है। राज्य की 8,050 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 5,317 पंचायतों में खेल मैदान बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें 5,285 खेल मैदान पूरी तरह बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 32 मैदानों का निर्माण अंतिम दौर में है।

इन जिलों सबसे सबसे अधिक खेल के मैदान

सबसे अधिक पूर्वी चंपारण जिले के 307 पंचायतों में खेल मैदान का निर्माण पूरा हो गया है। मुजफ्फरपुर जिले में (263), मधुबनी (257), गया (218), समस्तीपुर (194), पश्चिम चंपारण (176), पूर्णिया (173), नवादा (169), सारण (168), रोहतास (166), बांका (162), दरभंगा (156), सीवान (155), भोजपुर (154), कटिहार (151), नालंदा (150), पटना (126) मैदानों का निर्माण पूरा हो गया है। वहीं जमुई में 10, खगड़िया में 5, मधुबनी में 4, जहानाबाद और मुंगेर में 3-3, कैमूर और सारण में 2-2, जबकि भागलपुर, किशनगंज और पूर्वी चंपारण में 1-1 कुल 32 खेल मैदानों का निर्माण अंतिम चरण में है।

खेल अवसंरचनाओं ने बदली राज्य की तस्वीर

पिछले कुछ वर्षों में बिहार सरकार ने खेल अवसंरचना के विकास को नई गति दी है। पंचायत स्तर पर खेल मैदान, प्रखंड स्तरीय स्टेडियम, आधुनिक खेल परिसर और अंतरराष्ट्रीय मानकों की खेल सुविधाओं के निर्माण से राज्य में खेल का नया माहौल तैयार हो रहा है। राजगीर में विश्वस्तरीय खेल परिसर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण, राज्य खेल 2026 जैसे बड़े आयोजनों की तैयारी और अब गांव-गांव खेल मैदानों का विस्तार इस बात का संकेत है कि बिहार खेल विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।

     सरकार का मानना है कि मजबूत खेल अवसंरचना ही भविष्य के खिलाड़ियों की सबसे बड़ी ताकत होती है। गांवों में तैयार हो रहे ये खेल मैदान न केवल बच्चों और युवाओं को नियमित अभ्यास का अवसर देंगे, बल्कि आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार की नई खेल प्रतिभाओं को भी पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

.....................................................................................................


Bihar Sports Infrastructure, Panchayat Khel Maidan Bihar, Bihar Sports News, Khel Maidan Construction Bihar, Bihar Sports Development