डीवीसी कॉलोनी में अपराधियों ने घर में घुसकर एक दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी और उनके बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार की शाम डीवीसी कॉलोनी पश्चिम पल्ली इलाके में अपराधियों ने घर में घुसकर एक बुजुर्ग दंपती की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात में दंपति का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान 62 वर्षीय नरेश कुमार सिन्हा और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब साढ़े सात बजे क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसी दौरान पश्चिम पल्ली के एच टाइप क्वार्टर में नरेश सिन्हा, उनकी पत्नी और उनका बेटा रोहित आपस में बैठकर बातचीत कर रहे थे।
अचानक किसी ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही परिवार के किसी सदस्य ने दरवाजा खोला, बाहर घात लगाए बैठे हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

अपराधियों की गोली से घायल युवक।
इस अंधाधुंध गोलीबारी में नरेश कुमार सिन्हा को कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी के दिल के पास गोली लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए डीवीसी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
दंपती के बेटे रोहित के सिर में गोली लगी है, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो जेनरल अस्पताल (BGH) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे चंद्रपुरा क्षेत्र और डीवीसी कॉलोनी में भारी दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चंद्रपुरा के इतिहास में इस तरह की सनसनीखेज और दुस्साहसिक वारदात पहली बार सामने आई है। जिस प्रकार से इस घटना को अंजाम दिया गया है, उससे आशंका जताई जा रही है कि इसमें किसी पेशेवर शूटर गिरोह का हाथ हो सकता है।
इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, चंद्रपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822