BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर बिहार सरकार ने लिया बड़ा फैसला। अब PT-Mains के बजाय होगी केवल एक परीक्षा, साथ ही लागू होगा 'वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट' का नियम।
अवध कुमार, पटना।
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की ओर से आयोजित की जाने वाली चतुर्थ चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को लेकर राज्य सरकार ने अभ्यर्थियों के हक में बड़ा फैसला लिया है। परीक्षार्थियों के लगातार विरोध और मांगों को संज्ञान में लेते हुए सरकार ने 'एकल परीक्षा' (Single Stage Exam) और 'वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट' (One Candidate-One Result) की व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच के माध्यम से इस नीतिगत निर्णय की घोषणा की। सरकार के इस कदम से राज्यभर के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।
अब दो चरणों की प्रक्रिया खत्म, होगी सिर्फ एक परीक्षा
इससे पूर्व TRE-4 के लिए प्रारंभिक (PT) और मुख्य (Mains) दो स्तरों पर परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव विचाराधीन था। हालांकि, अभ्यर्थियों का तर्क था कि दो स्तरीय व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया में लंबा समय लगेगा और यह जटिल होगी। छात्रों की इस मांग को स्वीकार करते हुए सरकार ने पीटी और मेन्स के बजाय पूर्व की भांति केवल एक ही मुख्य परीक्षा कराने का फैसला किया है।
वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट से नहीं खराब होंगी सीटें
'वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट' नियम लागू होने से एक ही मेधावी उम्मीदवार का चयन अलग-अलग श्रेणियों (प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक) में होने के बाद पद खाली रहने की समस्या समाप्त हो जाएगी। नई व्यवस्था के तहत एक अभ्यर्थी को केवल एक ही पद आवंटित किया जाएगा। इससे मेधा सूची में नीचे मौजूद अन्य योग्य उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा और सीटें व्यर्थ नहीं होंगी।
नई व्यवस्था (TRE-4 लागू) - परीक्षा चरण PT एवं Mains (दो अलग चरण) की जगह केवल एक चरण (Single Stage Exam) होगा। इसी तरह परिणाम का आधार भी बदल गया है। एक छात्र का कई पदों पर चयन संभव, वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट से अधिकतम युवाओं को मौक दनें की घोषणा।
प्रक्रिया में आएगी तेजी और पारदर्शिता
दोहरे परीक्षा चक्र से मुक्ति मिलने के कारण भर्ती प्रक्रिया तय समय सीमा के भीतर पूरी हो सकेगी। इसके अतिरिक्त 'वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट' से कट-ऑफ में स्पष्टता आएगी और पूरक परिणाम (Supplementary Result) जारी करने की निर्भरता में भी कमी आएगी।
………………………………………………………………………………………………
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822