हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर निवासी अतुल त्यागी ने अपनी बहन रेनू को किडनी दान देकर उनकी जान बचाई। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में सफल ट्रांसप्लांट हुआ। पढ़ें भाई-बहन के इस अटूट प्रेम की पूरी कहानी।
गढ़मुक्तेश्वर। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और समर्पण की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल छू लिया। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव झड़ीना निवासी अतुल त्यागी ने मौत से जंग लड़ रही अपनी बड़ी बहन रेनू त्यागी को अपनी एक किडनी दान देकर नया जीवन दिया है। यह सफल प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) दिल्ली के मशहूर सर गंगाराम अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में संपन्न हुआ।
परिवार के सदस्य सुमित त्यागी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बहन रेनू की शादी लगभग 30 साल पहले दिल्ली के विकासपुरी स्थित बुढेला गांव में हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ वर्ष पूर्व रेनू के शरीर में गंभीर इंफेक्शन हो गया। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी दोनों किडनियां फेल होने की पुष्टि की। इसके बाद से ही उनका नियमित उपचार और डायलिसिस चल रहा था।
जब डॉक्टरों ने किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी, तो परिवार के कई सदस्यों ने आगे बढ़कर जांच कराई। कई मेडिकल टेस्ट के बाद केवल अतुल त्यागी का ही टिश्यू और ब्लड ग्रुप अपनी बहन की किडनी से पूरी तरह मैच हुआ।
अपनी बहन को दर्द में देखकर अतुल ने रक्षाबंधन के त्यौहार पर उनसे एक वादा किया था कि वह अपनी किडनी देकर हर हाल में उनकी जान बचाएंगे। कानूनी प्रक्रियाएं और आवश्यक मेडिकल फिटनेस टेस्ट पूरे होने के बाद डॉक्टरों की टीम ने ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर दिया। फिलहाल दोनों भाई-बहन स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
"भाई-बहन का रिश्ता दुनिया में सबसे अलग होता है। इसमें सिर्फ प्यार ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी और दोस्ती का अहसास भी होता है। मैं सभी भाई-बहनों से यही कहूंगा कि आपस में हमेशा प्रेम बनाए रखें और मुसीबत के समय एक-दूसरे का सहारा बनें।"
— अतुल त्यागी (किडनी दाता)
अतुल के इस फैसले और साहस की पूरे गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में सराहना हो रही है। गांव झड़ीना सहित आसपास के लोग अतुल की इस निस्वार्थ भावना को भाई-बहन के प्रेम की एक मिसाल मान रहे हैं।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822