रांची में एक दलित महिला को कुएं से पानी भरने और घर के बाहर कपड़े सुखाने से रोकने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की। जगन्नाथपुर थाने में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है
रांची। राजधानी रांची के धुर्वा सेक्टर टू पंप हाउस इलाके से एक बेहद शर्मनाक और जातिगत भेदभाव का मामला सामने आया है। यहां एक दलित महिला को कथित तौर पर दबंगों द्वारा कुएं से पानी भरने से रोक दिया गया। इतना ही नहीं, आरोप है कि महिला को उसकी जाति की वजह से न तो पानी लेने दिया जा रहा है और न ही घर के बाहर कपड़े सुखाने की अनुमति है। पीड़िता की शिकायत पर जगन्नाथपुर थाना में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पीड़िता मंजू चौधरी ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया है कि आरोपी लंबे समय से उन्हें और उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। विवाद की शुरुआत तब हुई जब आरोपियों ने उन पर पानी भरने और कपड़े सुखाने को लेकर पाबंदियां लगानी शुरू कर दीं।
23 जुलाई को आरोपियों ने पीड़िता के साथ पहली बार मारपीट की। 26 जुलाई को जब पीड़िता कुएं से पानी भरने गईं, तो उन्हें रोक दिया गया। आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें अपमानित किया और धमकी दी कि इस कुएं से उन्हें पानी नहीं मिलने दिया जाएगा। आरोपियों ने घर के बाहर कपड़े सुखाने पर भी आपत्ति जताई और कहा कि उनके कपड़े बाहर नहीं सूखने चाहिए।
मामला तब और गंभीर हो गया जब 10 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़िता के घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने खुलेआम जातिसूचक गालियां दीं, उनके साथ मारपीट की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
लगातार मिल रही धमकियों और बढ़ते मानसिक तनाव के बाद, पीड़िता ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को जगन्नाथपुर थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता मंजू चौधरी के आवेदन के आधार पर पुलिस ने कुल पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में
अमरेंद्र कुमार, रेमी देवी (अमरेंद्र की पत्नी), आदित्य (पुत्र), अमन उर्फ अंशु (पुत्र), उपेंद्र यादव शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जगन्नाथपुर थाना की पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से इलाके में रोष का माहौल है और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822