देवघर से ताजमहल देखने आई 60 वर्षीय महिला पर्यटक की आगरा में हार्ट अटैक से मौत। फतेहपुर सीकरी से लौटते वक्त बिगड़ी तबीयत, एसएन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
आगरा। दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल का दीदार करने आई एक महिला पर्यटक के साथ आगरा में एक बेहद दुखद हादसा हो गया। झारखंड के देवघर जिले से ताल्लुक रखने वाली 60 वर्षीय महिला पर्यटक की ताजमहल के पश्चिमी गेट की पार्किंग के पास पहुंचने पर अचानक तबियत बिगड़ गई और हार्ट अटैक (दिल का दौरा) पड़ने से उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और परिवारजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को लेकर वापस देवघर रवाना हो गए।
पर्यटन थाना प्रभारी अभिषेक सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह झारखंड और अन्य जगहों के लगभग 50 पर्यटकों का एक दल बस में सवार होकर ऐतिहासिक स्मारक ताजमहल देखने के लिए निकला था। यह दल सबसे पहले फतेहपुर सीकरी घूमने गया था और वहां से बस द्वारा आगरा आ रहा था।
रास्ते में बस के भीतर ही झारखंड के जिला देवघर (थाना सारठ, ग्राम देवान डुमरिया) की रहने वाली 60 वर्षीय अस्मानिया बीबी (पत्नी नूर मोहम्मद) के सीने में अचानक तेज दर्द होने लगा। महिला ने घबराकर इसकी जानकारी तुरंत अपने पति नूर मोहम्मद को दी। पति ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आगरा पहुंचकर किसी अच्छे डॉक्टर को दिखाने की बात कहकर उन्हें ढांढस बंधाया।
बस जब सफर तय करते हुए ताजमहल के पश्चिमी गेट की पार्किंग में पहुंची, तो सभी पर्यटक उतरने लगे। जब अस्मानिया बीबी को बस से उठाने का प्रयास किया गया, तो उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। उन्हें अचेत अवस्था में देखकर बस में सवार अन्य यात्री और उनके परिजन घबरा गए।
तत्काल इसकी सूचना वहां मौजूद पुलिस बल को दी गई। पुलिस ने बिना देर किए एंबुलेंस की मदद से अचेत महिला को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भिजवाया। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं और मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) माना गया।
घटना की सूचना मिलने पर पर्यटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के परिजनों ने पुलिस को एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें उन्होंने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई कराने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद वे लोग एंबुलेंस के जरिए अपनी मृतका का शव लेकर देवघर (झारखंड) के लिए रवाना हो गए। इस आकस्मिक निधन से पूरे पर्यटक दल और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822