बक्सर के मध्य विद्यालय में छात्राओं के यौन शोषण मामले में हेडमास्टर गिरफ्तार। सीआईडी जांच शुरू और शिक्षा मंत्री ने दिए बर्खास्तगी के निर्देश। पढ़ें पूरी खबर।

 

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

बिहार के बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र स्थित नथुनी अहिर के डेरा मध्य विद्यालय की नाबालिग छात्राओं के साथ कथित यौन शोषण और उनका आपत्तिजनक वीडियो वायरल किए जाने के मामले में पुलिस व प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार की देर शाम पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय के हेडमास्टर मोहम्मद इमाम अली अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

हेडमास्टर का राज्य पुरस्कार रद्द करने की सिफारिश

मामले में आरोपी शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद और अरविंद प्रसाद के अलावा हेडमास्टर मोहम्मद इमाम अली अंसारी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत अन्य संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता की मां का आरोप है कि हेडमास्टर को शिक्षकों की इस घिनौनी करतूत की पूरी जानकारी थी, लेकिन उन्होंने इसे छिपाने का प्रयास किया। कार्रवाई के तहत, राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित हेडमास्टर का नाम सूची से हटाने और उन्हें पुरस्कार से वंचित करने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेज दिया गया है।

 

मुख्यालय के निर्देश पर सीआईडी जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने त्वरित संज्ञान लिया है। एडीजी (कमजोर वर्ग सह विधि व्यवस्था) केएस अनुपम ने बताया कि सीआईडी (कमजोर वर्ग) की एक विशेष टीम डुमरांव भेजी गई है। पुरुष डीएसपी सतीश कुमार, महिला डीएसपी रेखा सिन्हा और महिला पुलिस इंस्पेक्टर किरण बाला की टीम ने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर उनके बयान दर्ज किए हैं। छात्राओं की मेडिकल जांच और बीएनएसएस की धारा 183 के तहत अदालत में बयान कराने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पूर्व बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने खुद गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

डिजिटल साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी शिक्षकों पर तीन नाबालिग छात्राओं को बहला-फुसलाकर उनके साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने और मोबाइल में वीडियो बनाने का आरोप है। घटना उजागर होने के बाद स्थानीय युवाओं ने आरोपी शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद का मोबाइल छीन लिया था, जिसमें कई आपत्तिजनक वीडियो होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस इस मोबाइल की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, ताकि इसे डिजिटल साक्ष्य के रूप में फोरेंसिक जांच के लिए प्रस्तुत किया जा सके।

 

शिक्षा मंत्री का सख्त रुख: बर्खास्तगी और फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग

मामले पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बच्चियों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को दोनों फरार शिक्षकों की तुरंत गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त सजा दिलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बक्सर जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे दोनों निलंबित शिक्षकों की सेवा बर्खास्तगी का प्रस्ताव अविलंब शिक्षा विभाग को भेजें।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822