भीषण सड़क हादसे में तिलक समारोह से लौट रहे 6 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक सीआरपीएफ जवान, पिता और दो बेटे शामिल हैं। हादसे की पूरी विस्तृत खबर पढ़ें
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद में एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह के पास स्थित हनुमान मंदिर के समीप रविवार की आधी रात को हुआ, जब तिलक समारोह से लौट रही एक तेज रफ्तार लग्जरी कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्राला से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखचे उड़ गए। इस दुर्घटना में एक ही गांव के छह लोगों की जान चली गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित भलुही गांव के रहने वाले प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद समेत आठ लोग हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवराड़पिपरा गांव निवासी राजकुमार भारती के यहां तिलक समारोह में शामिल होने गए थे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग रविवार की रात करीब 12 बजे लग्जरी कार से अपने घर वापस लौट रहे थे। कार को मिथिलेश गुप्त चला रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुँची, तभी अहिरौली बाजार की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार खाली ट्राला ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।
इस भयंकर सड़क हादसे में कार में सवार छह लोगों की मौके पर ही या अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मृतकों में पिता और उनके दो बेटे भी शामिल हैं। जान गंवाने वालों की पहचान रामबेलास (उम्र 65 वर्ष), कन्हैया प्रसाद (उम्र 45 वर्ष - ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, रामबेलास के पुत्र), राम मिलन (उम्र 35 वर्ष, रामबेलास के पुत्र), मृदुल मिश्र (उम्र 37 वर्ष, पुत्र नर्वदा मिश्र), रंजय गुप्ता (उम्र 35 वर्ष, पुत्र मिथिलेश गुप्त - सीआरपीएफ जवान, जो छुट्टी पर घर आए थे), मिथिलेश गुप्ता (उम्र 22 वर्ष, पुत्र अवधेश गुप्त - कार चालक) शामिल हैं।
इस हादसे में राममिलन के दो बेटे आर्यन (17 वर्ष) और आयुष (12 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण नींद से जाग गए और तुरंत मौके पर दौड़कर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल बच्चों (आर्यन और आयुष) को हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
हाटा कोतवाली के कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मृदुल मिश्र के छोटे भाई आदित्यनाथ मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। एक ही गांव के छह लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822