चतरा शहर के किशुनपुर मोहल्ले में बुधवार रात खड़े ट्रक से एक अनियंत्रित बोलेनो कार टकरा गई। इस हादसे में सरयू राणा के 26 वर्षीय पुत्र बसंत राणा की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।


चतरा। झारखंड के चतरा शहर स्थित किशुनपुर मोहल्ले में बुधवार की रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से अनियंत्रित बोलेनो कार की भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार एक 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में मौजूद तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


मृतक की पहचान किशुनपुर मोहल्ला निवासी सरयू राणा के 26 वर्षीय पुत्र बसंत राणा के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, बसंत राणा अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ बोलेनो कार में सवार होकर बधार गांव से वापस किशुनपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे।


इसी दौरान, किशुनपुर में उनके घर से महज कुछ ही दूरी पर लखन मिस्त्री के मकान के समीप सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। रफ्तार तेज होने और नियंत्रण खोने के कारण बोलेनो कार सीधे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।


घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, चतरा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बसंत राणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।


इस घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे किशुनपुर मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की छानबीन और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822