रांची। झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय के सामने कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान माहौल अचानक हिंसक हो गया। प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक के बाद अंडे और टमाटर फेंके गए। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और भीड़ के बीच पथराव भी शुरू हो गया।


इस दौरान एक मीडियाकर्मी के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, कवरेज कर रहे कुछ अन्य कैमरामैन और मीडिया कर्मियों को भी चोटें आई हैं। घायल मीडियाकर्मियों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे, जबकि भाजपा कार्यकर्ता पहले से कार्यालय परिसर और उसके आसपास मौजूद थे। दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो पहले नारेबाजी हुई, जिसके बाद अंडे और टमाटर फेंके जाने लगे। कुछ ही देर में स्थिति और तनावपूर्ण हो गई तथा पथराव शुरू हो गया।


बढ़ते तनाव को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करने और भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए।


फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और हिंसा व पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।